राजगढ़ में 5,000 दीपों से जगमगाया मोहनपुरा डैम; तिरंगे की रोशनी से सजा परिसर; PM ने किया था उद्घाटन

राजगढ़। मोहनपुरा डैम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में आयोजित सेवा संकल्प अभियान के तहत 5,000 आशीर्वाद दीपों, आकर्षक रंगोली और तिरंगे की रोशनी से सजाया गया।
शाम ढलते ही हजारों दीपों की रोशनी से पूरा डैम परिसर जगमगा उठा। वहीं तिरंगे के रंगों में सजा मोहनपुरा डैम देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
दीप प्रज्वलन के साथ हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ सांसद रोडमल नागर, मध्य प्रदेश शासन की सचिव सोनाली पोंक्षे वायंगणकर, जिला पंचायत सीईओ डॉ. इच्छित गढ़पाले और जिला कलेक्टर गिरीश मिश्रा सहित अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके साथ ही 5,000 आशीर्वाद दीप प्रज्वलन समारोह की शुरुआत हुई।
सिंचाई परियोजना की जानकारी दी
इस अवसर पर परियोजना प्रशासक विकास राजोरिया ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से उपस्थित अतिथियों एवं नागरिकों को मोहनपुरा-कुंडालिया सिंचाई परियोजना की प्रमुख विशेषताओं, आधुनिक सिंचाई व्यवस्था और क्षेत्र में परियोजना के प्रभाव की संक्षिप्त जानकारी दी।
मोहनपुरा-कुंडालिया सिंचाई परियोजना राजगढ़ की जीवनरेखा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद रोडमल नागर ने मोहनपुरा-कुंडालिया सिंचाई परियोजना को राजगढ़ जिले की जीवनरेखा बताते हुए कहा कि इस परियोजना ने क्षेत्र के किसानों के जीवन में बड़ा बदलाव लाया है। उन्होंने कहा कि 23 जून 2018 को प्रधानमंत्री का मोहनपुरा डैम का लोकार्पण करना राजगढ़ के लिए एक ऐतिहासिक अवसर था।
500 हेक्टेयर क्षेत्र में हो रही सिंचाई
परियोजना की आधुनिक सिंचाई व्यवस्था का उल्लेख करते हुए सांसद नागर ने कहा कि एक एमसीएम पानी से सामान्य परियोजनाओं में जहां 170 से 200 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई होती है, वहीं मोहनपुरा-कुंडालिया परियोजना में आधुनिक तकनीक के माध्यम से इसी मात्रा के पानी से 500 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई की जा रही है। उन्होंने इसे पानी के प्रभावी उपयोग और परियोजना की तकनीकी विशेषता का उदाहरण बताया।
किसानों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया
रोडमल नागर ने कहा कि सिंचाई सुविधा के विस्तार से राजगढ़ में खेती-किसानी को नई दिशा मिली है और किसानों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। सांसद ने परियोजना से जुड़े अधिकारियों, इंजीनियरों और पूरी टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह परियोजना आने वाली पीढ़ियों के लिए विकास, समृद्धि और नई संभावनाओं का आधार बनेगी।
कलेक्टर ने जताया आभार
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कलेक्टर ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने सांसद का विशेष धन्यवाद देते हुए कहा कि उन्होंने अपने व्यस्त समय में से समय निकालकर कार्यक्रम में सहभागिता की।
आशीर्वाद दीप प्रज्वलित कर आयोजन को विशेष बनाया
कलेक्टर मिश्रा ने दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पहुंचीं महिलाओं का भी विशेष रूप से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं ने अपना समय निकालकर कार्यक्रम में सहभागिता की और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिवस के अवसर पर आशीर्वाद दीप प्रज्वलित कर आयोजन को विशेष बनाया।
प्रबंधन टीम को बधाई दी
उन्होंने परियोजना प्रशासक विकास राजोरिया एवं मोहनपुरा-कुंडालिया परियोजना की पूरी प्रबंधन टीम को भी बधाई एवं धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि इतने कम समय में किए गए आह्वान पर टीम ने जिस तरह भव्य आयोजन की तैयारियां कीं, वह सराहनीय है।
दीपों की रोशनी और तिरंगे के रंगों में नजर आया मोहनपुरा डैम
कार्यक्रम में 5,000 आशीर्वाद दीपों का प्रज्वलन प्रमुख आकर्षण रहा। दीपों की रोशनी से मोहनपुरा डैम का पूरा परिसर जगमगाने लगा। वहीं तिरंगे के रंगों की रोशनी में नहाया डैम देशभक्ति की अद्भुत तस्वीर प्रस्तुत कर रहा था। इस अवसर पर डैम के पूरे 17 गेट खोले गए
परियोजना टीम की रही सहभागिता
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि इंजी. बी.के. सिंह, परियोजना संचालक, मोहनपुरा डैम और कुंडालिया डैम (एम.के.पी.एम.यू., राजगढ़), विकास राजोरिया, प्रोजेक्ट एडमिनिस्ट्रेटर और परियोजना प्रबंधक संदीप दुबे सहित मोहनपुरा-कुंडालिया परियोजना की पूरी प्रबंधन टीम उपस्थित रही।
पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष भी शामिल हुए
कार्यक्रम में क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक भी शामिल हुए। इनमें पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष दीपक शर्मा, पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष दीपेंद्र चौहान, जनपद अध्यक्ष फूलसिया तंवर, भाजपा संगठन सचिव जगदीश सिंह गुर्जर, भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष सचिन मौर्य सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।