| |

मुरैना नेशनल हाईवे पर सड़क हादसे में चार की मौत: दो बच्चे भी शामिल; तेज रफ्तार की वजह से हुआ हादसा

मुरैना। जिले में नेशनल हाईवे पर सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक महिला, एक पुरुष और दो बच्चे शामिल बताए जा रहे हैं। हादसा नूराबाद थाना क्षेत्र के जड़ेरुआ गांव के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार अज्ञात वाहन चारों को कुचलता हुआ मौके से फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार, चारों लोग बाइक पर सवार होकर मुरैना से बानमोर की ओर जा रहे थे। जड़ेरुआ गांव के पास अचानक बाइक फिसल गई और बाइक सवार चारों लोग सड़क पर जा गिरे।

चारों की मौके पर ही मौत
इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहा अज्ञात वाहन उन्हें कुचलता हुआ निकल गया। हादसा इतना भीषण था कि चारों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक लोहगढ़ गांव के रहने वाले हैं।

हादसे के बाद हाईवे पर लगा जाम
घटना के बाद नेशनल हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलते ही नूराबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को एंबुलेंस की मदद से पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। वहीं, हाईवे पर लगे जाम को खुलवाकर यातायात बहाल करने के प्रयास भी किए जा रहे हैं। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है।

Share