धार में गांव में बढ़ती चोरी से परेशान ग्रामीण ने पुलिस को सौंपा ज्ञापन: निष्पक्ष जांच की मांग; निगरानी व्यवस्था बढ़ाएं

बाग। गांवों में लगातार सामने आ रही लूट एवं अन्य आपराधिक घटनाओं को लेकर अब ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताते हुए ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से प्रभावी और तत्काल कदम उठाने की मांग की है।
इसी को लेकर गुरुवार शाम को ग्रामीणों ने थाना प्रभारी, पुलिस थाना बाग को ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने, संवेदनशील स्थानों पर CCTV कैमरे सक्रिय करने तथा संदिग्ध व्यक्तियों की सघन चेकिंग की मांग की।
निष्पक्ष और त्वरित जांच की मांग
ज्ञापन में गुलसिंह मोरी के संबंध में धारा 309(6) BNS में दर्ज प्रकरण में शीघ्र कानूनी कार्रवाई एवं निष्पक्ष और त्वरित जांच की मांग भी की गई है। ग्रामीणों का कहना है कि आपराधिक घटनाओं को लेकर यदि समय रहते प्रभावी निगरानी और पुलिस कार्रवाई नहीं बढ़ाई गई तो आम नागरिकों में असुरक्षा की भावना और गहरी हो सकती है।
निगरानी व्यवस्था पर जोर दें पुलिस
ग्रामीणों ने स्पष्ट रूप से मांग रखी कि सिर्फ घटनाओं के बाद कार्रवाई तक सीमित रहने के बजाय पुलिस को क्षेत्र में नियमित गश्त और निगरानी व्यवस्था पर जोर देना चाहिए। मुख्य चौराहों एवं संवेदनशील मार्गों पर CCTV व्यवस्था सही करने के साथ संदिग्ध रूप से घूमने वाले लोगों की चेकिंग भी की जाए।
क्षेत्रवासियों में सुरक्षा का भरोसा दें
ज्ञापन में कहा गया कि कानून-व्यवस्था को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही की गुंजाइश नहीं है। पुलिस प्रशासन तत्काल आवश्यक कदम उठाकर क्षेत्रवासियों में सुरक्षा का भरोसा दें। इस मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण पुलिस थाना पर मौजूद रहे।