मप्र के विहान, हितार्थ और दिविना भी जीते: विद्या देवी कक्कड़ स्मृति ऑल इंडिया चैंपियनशिप सीरीज जूनियर टेनिस टूर्नामेंट

इंदौर। मध्य प्रदेश के छह खिलाड़ियों विहान नवाब, हितार्थ सुराना, अदविथ भार्गव, दिविना धूपर, वेदेही शर्मा और ऐशवी जैन ने जीत का सिलसिला जारी रखते हुए ऑल इंडिया टेनिस संघ के तत्वावधान में मध्य प्रदेश टेनिस संघ द्वारा आयोजित एवं पी.के. फाउंडेशन द्वारा प्रायोजित विद्या देवी कक्कड़ स्मृति ऑल इंडिया चैंपियनशिप सीरीज जूनियर टेनिस टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। स्पर्धा के मुकाबले इंदौर टेनिस क्लब (आईटीसी) में खेले जा रहे हैं।
ऐशवी ने तीन सेट तक चले मुकाबले में दर्ज की जीत
आईटीसी में खेली जा रही स्पर्धा के बालिका 14 वर्ष आयु वर्ग के क्वार्टर फाइनल में मध्य प्रदेश की ऐशवी जैन को महाराष्ट्र की माया रसखीना के खिलाफ मुकाबले में दूसरा सेट गंवाने के बाद जीत के लिए अंतिम सेट में संघर्ष करना पड़ा। रोमांचक मुकाबले में आखिरकार ऐशवी ने माया को 6-2, 2-6, 10-6 से मात देकर अंतिम चार में जगह बनाई। एक अन्य मुकाबले में मप्र की ही वेदेही शर्मा ने महाराष्ट्र की अंशिका मोगल को 6-2, 1-6, 10-4 से मात दी। अन्य मुकाबलों में प्रांशी पटेल (गुजरात) ने अगंहा कदम (महाराष्ट्र) को 6-2, 6-2 से तथा साहयर्दि चावड़ा (गुजरात) ने दिविना धूपर (मप्र) को 6-1, 6-2 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई।
विहान ने गर्व को दी मात
बालक 14 वर्ष आयु वर्ग के क्वार्टर फाइनल में विहान नवाब ने मप्र के ही गर्व मालपानी पर आसान जीत दर्ज कर अंतिम चार में जगह बनाई। विहान ने गर्व को 6-2, 6-1 से हराया। अन्य मुकाबलों में हितार्थ सुराना (मप्र) ने वीर गायकवाड़ (महाराष्ट्र) को 6-2, 6-1 से, एकलव्य राजपूत (छत्तीसगढ़) ने गीतांश मखानिया (मप्र) को 6-3, 6-4 से तथा समन्यु जैन (महाराष्ट्र) ने ओजस मिश्रा (मप्र) को 6-4, 6-2 से हराकर अंतिम चार में जगह बनाई।

आखिरी सेट 11-9 तक चला
बालक 12 वर्ष आयु वर्ग के क्वार्टर फाइनल में अदविथ भार्गव (मप्र) ने ईवान जैन (महाराष्ट्र) को 6-1, 2-6, 11-9 से तथा विहान देवधर (महाराष्ट्र) ने अर्जुन बिंद्रा (मप्र) को 6-2, 6-2 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। अन्य मुकाबलों में कबीर पंचमाटीया ने महाराष्ट्र के ही प्रथम सागवान को 7-5, 6-1 से तथा अदविक विनोथ (महाराष्ट्र) ने रेयांश पटेल (मप्र) को 6-0, 6-4 से हराया।
दिविना आसानी से जीतीं
बालिका वर्ग के क्वार्टर फाइनल में मध्य प्रदेश की दिविना धूपर ने अपने ही प्रदेश की सेरेनिति माहेश्वरी को 6-0, 6-0 से पराजित कर अंतिम चार में प्रवेश किया। अन्य मुकाबलों में ऐशवी जैन (मप्र) ने रायका शाह (महाराष्ट्र) को 6-3, 6-4 से, अगंहा कदम (महाराष्ट्र) ने रेया मेहता (महाराष्ट्र) को 6-2, 6-4 से तथा माया रसखीना (महाराष्ट्र) ने अयाना पटवारी (मप्र) को 6-1, 6-0 से हराया।