|

केंद्र का बड़ा फैसला: पाकिस्तान के शाहजाद भट्टी नेटवर्क आतंकी संगठन घोषित; UAPA में शामिल, 14 राज्यों में कार्रवाई

नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने पाकिस्तान स्थित शाहजाद भट्टी नेटवर्क (SBN) को आतंकी संगठन घोषित किया है। गृह मंत्रालय ने बुधवार को इसकी अधिसूचना जारी की। गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि यह फैसला आतंकवाद के खिलाफ सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लिया गया है।

हथियार और ड्रग्स की तस्करी का आरोप
SBN पर सीमा पार से हथियार, विस्फोटक और नशीले पदार्थ लाने का आरोप है। नेटवर्क पर युवाओं और स्थानीय अपराधियों को आतंकवादी गतिविधियों के लिए तैयार करने का भी आरोप है। संगठन डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए भड़काऊ संदेश और नफरत फैलाने वाला कंटेंट भी प्रसारित करता था।

UAPA की सूची में शामिल
केंद्र ने UAPA की धारा 35(1)(a) के तहत SBN को आतंकी संगठनों की सूची में शामिल किया है। इसके साथ ही SBN इस सूची में शामिल होने वाला 46वां संगठन बन गया है।

14 राज्यों में हुई कार्रवाई
अगस्त में SBN के खिलाफ 14 राज्यों में अभियान चलाया गया था। इस दौरान 253 लोगों को हिरासत में लिया गया और 200 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया गया। अलग-अलग राज्यों में 80 से ज्यादा FIR भी दर्ज की गईं।

हमलों और रेकी से भी जोड़ा गया
गृह मंत्रालय ने SBN को पाकिस्तान स्थित और ISI समर्थित आतंकी नेटवर्क बताया है। नेटवर्क को ग्रेनेड, IED और पेट्रोल बम हमलों से जोड़ा गया है। इस पर पुलिस, रक्षा और धार्मिक स्थलों की रेकी कराने का भी आरोप है। नेटवर्क स्थानीय लोगों को पैसे देकर ऐसी गतिविधियां भी कराता था।

Share