| |

पीथमपुर में कास्टिंग मशीन में फंसने से कर्मचारी की मौत: मुआवजे के लिए धरने पर बैठे परिजन; सहमति मिलने के बाद हटे

पीथमपुर। सेक्टर-3 स्थित ओसवाल कास्टिंग प्राइवेट लिमिटेड में बीती रात काम के दौरान एक हादसा हो गया। नाइट शिफ्ट में ड्यूटी कर रहे 20 वर्षीय कर्मचारी कल्पेश साहू की कास्टिंग मशीन में फंसने से मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद फैक्ट्री परिसर में हंगामा मच गया और परिजनों ने मुआवजे की मांग को लेकर रातभर धरना दिया। तड़के 3 बजे प्रबंधन के साथ सहमति बनने के बाद मामला शांत हुआ।

कास्टिंग मशीन में फंसने से हुई मौत 
सागौर निवासी कल्पेश साहू (20 वर्ष) बीती रात ओसवाल कास्टिंग कंपनी में नाइट शिफ्ट में काम पर गए थे। रात 8 बजे काम के दौरान कल्पेश अचानक कास्टिंग मशीन की चपेट में आ गए। मशीन में बुरी तरह फंस जाने के कारण उन्हें गंभीर चोटें आईं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

परिजन धरने पर बैठे 
घटना की सूचना मिलते ही सागौर थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। घटना से नाराज परिजन और ग्रामीण कंपनी परिसर के बाहर जमा हो गए और उचित मुआवजे की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। स्थिति को देखते हुए कंपनी के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया।

मुआवजे पर सहमति के बाद खत्म हुआ प्रदर्शन 
रविवार को कंपनी प्रबंधन और परिजनों के बीच बातचीत हुई। तड़के 3 बजे मुआवजे को लेकर सहमति बन सकी, जिसके बाद परिजन शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए राजी हुए। सागौर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस और औद्योगिक सुरक्षा विभाग इस बात की जांच कर रहे हैं कि हादसा किसी तकनीकी खराबी के कारण हुआ या कार्यस्थल पर सुरक्षा नियमों की अनदेखी की गई थी।

Share