| | | |

अनूपपुर कलेक्टर के निर्देश पर 48 घंटे में पहुंचे रेलवे आईओडब्ल्यू: JCB से मिट्टी कटिंग चालू; हफ्ते भर में पक्की नाली का दावा

सूर्यांनश तिवारी। अनूपपुर। 10 साल से निर्माणाधीन फ्लाईओवर के कारण वार्ड नंबर 11 के रहवासियों को हो रही परेशानी को प्रदेश प्रकाश ने प्रमुखता से उठाया गया था। खबर में “अनूपपुर में अधूरे निर्माण के कारण बोरवेल में पहुंच रहा गंदा पानी” और “कई बार भूमिपूजन, 10 साल बाद भी पूरा नहीं हुआ फ्लाईओवर” जैसे मुद्दों के जरिए रहवासियों की परेशानी सामने लाई गई थी।

साथ ही घरों के बाहर नाली नहीं होने से गंदे पानी की निकासी की समस्या को भी प्रमुखता से बताया गया था। खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन हरकत में आया। इसके बाद अनूपपुर कलेक्टर रत्नाकर झा ने मामले को संज्ञान में लेते हुए रेलवे आईओडब्ल्यू अरविंद कुमार को मौके का निरीक्षण कर समस्या का तत्काल समाधान कराने के निर्देश दिए थे।

अगले दिन मौके पर पहुंचे रेल्वे आईओडब्ल्यू
कलेक्टर के निर्देश के बाद अगले ही दिन रेलवे आईओडब्ल्यू अरविंद कुमार वार्ड नंबर 11 पहुंचे और रहवासियों के घरों का निरीक्षण कर मौके की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सामने आया कि घरों के बाहर नाली नहीं होने से गंदे पानी की निकासी की समस्या बनी हुई है। नाली नहीं होने के कारण लोगों के सेफ्टी टैंक भी जाम हो रहे थे और गंदा पानी आसपास जमा हो रहा था।

इसके बाद आईओडब्ल्यू ने JCB बुलाकर घरों के बाहर मिट्टी की कटिंग कराई गई, जिससे पानी की निकासी के लिए अस्थायी रास्ता बनाया जा सके। हालांकि, अभी यहां पक्की नाली का निर्माण नहीं हुआ है। इसी तरह सड़क का निर्माण भी अभी बाकी है।

एक हफ्ते में पक्की नाली शुरू करने का दावा
मौके पर रेलवे आईओडब्ल्यू अरविंद कुमार ने रहवासियों को भरोसा दिलाया कि एक सप्ताह के अंदर यहां पक्की नाली का काम शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि नाली और सड़क की समस्या का जल्द से जल्द स्थायी समाधान किया जाएगा। इसके लिए आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

महीनेभर बाद सड़क का काम भी शुरू करने की बात
आईओडब्ल्यू के अनुसार जल्द ही सड़क निर्माण का काम भी शुरू कर दिया जाएगा। सड़क और नाली दोनों का काम पूरा होने के बाद रहवासियों को लंबे समय से चली आ रही गंदे पानी और खराब रास्ते की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।

स्थायी समाधान का इंतजार
प्रदेश प्रकाश में खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन ने 48 घंटे के अंदर तत्काल कार्रवाई करते हुए JCB से मिट्टी की कटिंग करा दी है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान अभी बाकी है। पक्की नाली और सड़क का निर्माण होना बाकी है। अब रहवासियों को एक सप्ताह में नाली का काम शुरू होने और महीनेभर में सड़क निर्माण शुरू होने का इंतजार है। प्रशासन और रेलवे की ओर से किए गए दावों पर अमल होने के बाद ही इस समस्या का पूरी तरह समाधान हो सकेगा।

Share