युवाओं के लिए करियर काउंसलिंग और भविष्य की मार्गदर्शन शिविर

इंदौर, 25 सितम्बर 2025 – कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के निर्देशन में युवाओं को शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में सही दिशा देने के लिए लगातार करियर काउंसलिंग शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। बुधवार को जिला रोजगार कार्यालय द्वारा बड़ा गणपति शासकीय हाई सेकेण्डरी स्कूल में एक मार्गदर्शन शिविर का आयोजन किया गया।
जिला रोजगार विभाग के उप संचालक श्री पी.एस. मंडलोई ने बताया कि काउंसलिंग और मार्गदर्शन के लिए अनुभवी काउंसलर और विषय विशेषज्ञों की टीम जिले के विभिन्न शासकीय स्कूलों में लगातार शिविर आयोजित कर रही है। इन शिविरों में छात्रों को करियर चयन, व्यावसायिक मार्गदर्शन और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी दी जाती है।
पिछले दिनों शासकीय शारदा कन्या हाई स्कूल, मल्हार आश्रम और अहिल्या आश्रम हाई स्कूल में भी ऐसे शिविर आयोजित किए गए, जहां छात्रों को उनके अध्ययन और रुचि के अनुसार विषय चयन में मदद मिली। टीम के काउंसलर और विशेषज्ञ डॉ. धीरज हासिजा, सुश्री प्रियंका तिवारी, डॉ. राकेश उपाध्याय, श्री जितेन्द्र पांचाल, श्री विजेंद्र सोगानी और श्री महेश गौड़ ने छात्रों को करियर और स्वरोजगार योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।






