भोपाल: सभी राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक ला रहे हैं मध्यप्रदेश के खिलाड़ी – मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत में खेल के क्षेत्र में नई क्रांति हुई है। फिट इंडिया मूवमेंट ने युवाओं को खेलों के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा दी है। मुख्यमंत्री ने ‘भोजन में तेल कम और जीवन में खेल ज्यादा’ का आह्वान किया।
वे भोपाल-सीहोर संसदीय क्षेत्र के ‘सांसद खेल महोत्सव 2025’ के शुभारंभ अवसर पर सुभाष एक्सीलेंस स्कूल में उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित कर रहे थे। इस महोत्सव में 71 हजार से अधिक खिलाड़ियों ने 24 से ज्यादा खेलों के लिए पंजीयन कराया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के हर घर से खिलाड़ी और हर गांव से चैम्पियन निकलेंगे।
डॉ. यादव ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की और कहा कि प्रदेश सरकार प्रशिक्षकों व खिलाड़ियों को हर स्तर पर प्रोत्साहित कर रही है। उद्घाटन कार्यक्रम में 18 महिला अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी और 120 प्रतिभावान खिलाड़ी मार्च पास्ट में शामिल हुए। मलखम्ब, जूडो, कुश्ती, ताइक्वांडो और कराटे खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया।
इस अवसर पर सांसद आलोक शर्मा, प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, मंत्री विश्वास सारंग, कृष्णा गौर, उदय प्रताप सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, छात्र-छात्राएं और खिलाड़ी उपस्थित रहे।






