| |

उद्योगपति अशोक तायल के ठिकानों पर ED की रेड: घर और जिनिंग फैक्ट्री पहुंची टीम; करोड़ों के लोन प्रकरण से जुड़ने की आशंका

सेंधवा। बुधवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने कारोबारी अशोक तायल और तायल बंधुओं से जुड़े ठिकानों पर कार्रवाई की।

ईडी की टीमें जगन्नाथपुरी कॉलोनी स्थित निवास, पुराने एबी रोड स्थित मकान और वरला रोड स्थित राजराजेश्वर जिनिंग फैक्ट्री पहुंचीं। कार्रवाई के दौरान टीम ने मीडिया से दूरी बनाए रखी और किसी तरह की जानकारी साझा नहीं की।

पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल ने सेंधवा में ईडी की कार्रवाई होने की पुष्टि की है। हालांकि, कार्रवाई किस मामले और दस्तावेजों की जांच के लिए की जा रही है, इसे लेकर कोई जानकारी सामने नहीं आई है।

कुछ महीने पहले भी हुई थी कार्रवाई 
सूत्रों के अनुसार, मामला राजराजेश्वर वेंचर्स से जुड़े करोड़ों रुपए के लोन प्रकरण से संबंधित हो सकता है। कुछ महीने पहले तायल बंधुओं से जुड़े ठिकानों पर सीबीआई की टीम ने भी कार्रवाई की थी।

ठिकानों और दस्तावेजों की जांच
उस समय राजराजेश्वर वेंचर्स से जुड़े करोड़ों के लोन घोटाले को लेकर जांच किए जाने की बात सामने आई थी। सीबीआई की कार्रवाई के दौरान कारोबारी ठिकानों और दस्तावेजों की जांच की गई थी।

टीम की कार्रवाई जारी
अब इसी प्रकरण से जुड़े पहलुओं को लेकर ईडी की कार्रवाई को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। फिलहाल टीम की कार्रवाई जारी है और जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट होने की संभावना है।

Share