| | |

दुबई दौरे में CM मोहन की निवेशकों से मुलाकात: AI फैक्ट्री के लिए 18 हजार करोड़ का प्रस्ताव; इंवेस्टर समिट-2027 का न्योता दिया 

भोपाल। मुख्यमंत्री मोहन यादव के दुबई दौरे के तीसरे दिन मध्यप्रदेश में निवेश बढ़ाने को लेकर कई अहम बैठकें हुईं। मुख्यमंत्री ने अलग-अलग उद्योग समूहों और निवेशकों से मुलाकात कर विभिन्न क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा की।

राणा होल्डिंग्स लिमिटेड के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक डॉ. दर्शन सिंह राणा के साथ बैठक में ग्रीन हाइड्रोजन, सौर ऊर्जा, डेटा सेंटर, स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग, ई-मोबिलिटी और इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण पर चर्चा हुई।

कंपनी ने मध्यप्रदेश में 35,200 करोड़ के संभावित निवेश की जानकारी दी। कंपनी 2,000 मेगावॉट सौर ऊर्जा पोर्टफोलियो, 200 मेगावॉट ग्रीन हाइड्रोजन प्लांट, 50 मेगावॉट AI एवं कंप्यूट डेटा सेंटर और क्रिटिकल मिनरल्स रिकवरी और रीसाइक्लिंग कॉम्प्लेक्स जैसी परियोजनाओं में रुचि दिखा रही है।

AI फैक्ट्री में ₹18 हजार करोड़ का प्रस्ताव
एनआईडीआई सर्विसेज डीएमसीसी-एससीएनईएलएलसी के निवेशकों के साथ औद्योगिक स्तर के AI कंप्यूट कैंपस और सॉवरेन AI फैक्ट्री परियोजना पर चर्चा हुई। कंपनी ने 50 मेगावॉट क्षमता वाली AI फैक्ट्री के लिए करीब 1.5 से 2 बिलियन डॉलर यानी लगभग 18 हजार करोड़ रुपए के निवेश का कॉन्सेप्ट प्रस्तुत किया। भविष्य में इसकी क्षमता 100 मेगावॉट से अधिक किए जाने की संभावना है।

शिक्षा, स्वास्थ्य और लॉजिस्टिक्स में भी निवेश पर चर्चा
जेम्स एजुकेशन के चेयरमैन सनी वर्की के साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर के K-12 स्कूल, शिक्षक प्रशिक्षण, एडटेक और आधुनिक शिक्षा परिसरों को लेकर चर्चा हुई। वहीं प्योर हेल्थ के प्रतिनिधियों से मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल, डिजिटल हेल्थ, टेलीमेडिसिन और मेडिकल-नर्सिंग शिक्षा के क्षेत्र में निवेश की संभावनाएं तलाशीं गईं। शराफ ग्रुप के साथ मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क, वेयरहाउसिंग, कोल्ड चेन, पर्यटन और हॉस्पिटैलिटी पर बातचीत हुई।

निर्यात को बढ़ावा देने पर चर्चा
डीपी वर्ल्ड के सीईओ रिजवान सूमार के साथ पवारखेड़ा लॉजिस्टिक्स कॉम्पोजिट हब, मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक्स और निर्यात को बढ़ावा देने पर चर्चा की गई। इसके अलावा केजीके ग्रुप के साथ डायमंड प्रोसेसिंग और जेम्स एंड ज्वेलरी, विस्टास मीडिया कैपिटल के साथ फिल्म, एनीमेशन, VFX और गेमिंग तथा VFS ग्लोबल के साथ भोपाल-इंदौर में वीजा सेवाओं के विस्तार पर चर्चा हुई।

शारजाह के निवेशकों को GIS-2027 का न्योता
मुख्यमंत्री ने शारजाह चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के चेयरमैन अब्दुल्ला सुल्तान अल ओवैस से भी मुलाकात की। दोनों पक्षों ने व्यापार, निवेश, तकनीक, SME, लॉजिस्टिक्स, फूड प्रोसेसिंग, टेक्सटाइल, फार्मास्यूटिकल्स, पर्यटन और नवीकरणीय ऊर्जा में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने शारजाह के निवेशकों को जनवरी 2027 में भोपाल में होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2027 में शामिल होने का न्योता दिया।

एमपीआईडीसी को ‘विनर एशिया’ सम्मान

एआईएम कांग्रेस-2026 में मध्यप्रदेश औद्योगिक विकास निगम (MPIDC) को AIM Investment Awards-2026 में ‘विनर एशिया’ सम्मान मिला। यह पुरस्कार निवेश बढ़ाने, FDI आकर्षित करने, रोजगार, नवाचार और सतत विकास में बेहतर प्रदर्शन के लिए दिया गया। सम्मान यूएई के विदेश व्यापार मंत्री और एआईएम कांग्रेस के अध्यक्ष डॉ. थानी बिन अहमद अल ज़ेयौदी ने प्रदान किया।

एमार प्रॉपर्टीज के संस्थापक मुलाकात की 
मुख्यमंत्री ने एमार प्रॉपर्टीज के संस्थापक और प्रबंध निदेशक मोहम्मद अलाब्बार से भी मुलाकात की। इस दौरान इंदौर-पीथमपुर-उज्जैन डेवलपमेंट कॉरिडोर समेत टाउनशिप, हॉस्पिटैलिटी और आधुनिक शहरी विकास परियोजनाओं में निवेश का आमंत्रण दिया गया।

34 लाख करोड़ से ज्यादा के निवेश प्रस्ताव
दुबई में मीडिया संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले ढाई वर्षों में मध्यप्रदेश को 34 लाख करोड़ रुपए से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। इनमें से 30 प्रतिशत से अधिक परियोजनाएं धरातल पर उतर चुकी हैं। उन्होंने प्रदेश की 11 प्रतिशत से अधिक आर्थिक विकास दर, पर्याप्त लैंड बैंक, सड़क-रेल नेटवर्क, आठ सक्रिय हवाई अड्डे, निवेश अनुकूल नीतियों और सिंगल विंडो व्यवस्था को निवेश के लिए मजबूत आधार बताया।

मध्यप्रदेश निवेशकों का स्वागत हृदय से करेगा
मुख्यमंत्री ने कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण, टेक्सटाइल, फार्मास्यूटिकल्स, मेडिकल डिवाइस, ऑटोमोबाइल, हरित ऊर्जा, IT, AI, डेटा सेंटर, इलेक्ट्रॉनिक्स और पर्यटन में निवेश की संभावनाएं बताईं। उन्होंने कहा कि “मध्यप्रदेश भारत का हृदय है और निवेशकों का स्वागत हृदय से करेगा।”

Share