धार में बेखौफ चोर: पहले मकानों को बाहर से किया लॉक, फिर 3 दुकानों में घुसे; CCTV में कैद हुई वारदात

धार । जिले के धामनोद थाना क्षेत्र के ग्राम गुजरी में मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात नकाबपोश अर्धनग्न बदमाशों ने जमकर उत्पात मचाया। बदमाशों ने एक ही रात में चार स्थानों को निशाना बनाया। वारदात के दौरान आरोपियों ने दो मकानों को बाहर से लॉक कर दिया, ताकि अंदर मौजूद लोग बाहर न निकल सकें। चोरी की पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है, जिसमें चार नकाबपोश बदमाश शटर तोड़ते हुए दिखाई दे रहे हैं।
पहले दो मकानों को बाहर से किया लॉक
बदमाशों ने वारदात को अंजाम देने से पहले पंचायत रोड के आसपास स्थित दो मकानों को बाहर से लॉक कर दिया। इसके बाद बेखौफ होकर दुकानों के शटर तोड़ने शुरू किए। बदमाशों की गतिविधियां सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गईं।
मटेरियल दुकान से 3 से 4 हजार रुपए चोरी
सबसे पहले बदमाशों ने पंचायत रोड स्थित आशीष सोनी की मटेरियल दुकान को निशाना बनाया। शटर तोड़कर अंदर घुसे आरोपियों ने गल्ले में रखे करीब 3 से 4 हजार रुपए चोरी कर लिए। इसके बाद पास ही स्थित सोनू भाबर के मकान में घुसकर अलमारी का सामान अस्त-व्यस्त कर दिया।

नकदी नहीं मिली तो 50-60 हजार का कैमरा ले गए
इसके बाद बदमाश कियोस्क एवं ज्वेलर्स संचालक उमेश राय की दुकान पर पहुंचे। यहां शटर चटकाकर अंदर घुसे, लेकिन नकदी नहीं मिलने पर दुकान में रखा फोटो कैमरा चोरी कर लिया। कैमरे की कीमत करीब 50 से 60 हजार रुपए बताई जा रही है।
मालिक के जागने पर चौथी वारदात टली
चौथी घटना रितेश गर्ग के खाद-बीज गोदाम में हुई। बदमाश गोदाम में घुसने का प्रयास कर रहे थे, तभी दुकान मालिक के जाग जाने से उनकी योजना विफल हो गई। इसके बाद आरोपी मौके से भाग निकले।

112 टीम पहुंची, लेकिन तब तक फरार हो चुके थे बदमाश
घटना की सूचना मिलते ही 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक चारों बदमाश फरार हो चुके थे। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जानकारी जुटाई है। फुटेज में चार नकाबपोश बदमाश वारदात को अंजाम देते हुए साफ दिखाई दे रहे हैं।
23-24 जुलाई की रात भी इन्हीं दुकानों को बनाया था निशाना
ग्रामीणों के मुताबिक, 23-24 जुलाई की रात भी इन्हीं दुकानों को निशाना बनाया गया था। लगातार चोरी की घटनाएं होने के बावजूद ग्रामीणों का आरोप है कि इलाके में पर्याप्त रात्रि गश्त नहीं हो रही है। पूर्व में लिखित शिकायत देने के बावजूद ठोस कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में पुलिस के प्रति नाराजगी बढ़ रही है।
रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से रात के समय गश्त बढ़ाने, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तार करने और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।