सेंधवा में जंगली जानवर का आतंक: बाड़े में घुसकर 4 बकरियों का किया शिकार; ग्रामीणों में दहशत

सेंधवा। सेंधवा के समीप पिसनावल फाटे पर रात के अंधेरे में एक अज्ञात जंगली जानवर ने पशु बाड़े में घुसकर चार बकरियों का शिकार कर लिया। सुबह बकरियां मृत मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

सुबह मृत मिलीं चारों बकरियां
जानकारी के अनुसार, पिसनावल फाटे पर संजय वास्कले के पशु बाड़े में रात के समय अज्ञात जंगली जानवर घुस गया। बाड़े में बंधी चार बकरियों पर जानवर ने हमला किया। सुबह जब परिजनों और ग्रामीणों ने बकरियों को मृत अवस्था में देखा तो घटना की जानकारी आसपास के लोगों को हुई।

दोबारा बस्ती में पहुंचने का डर
घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों में डर बना हुआ है। ग्रामीणों को आशंका है कि यदि जंगली जानवर की पहचान कर उसे पकड़ा नहीं गया तो वह दोबारा बस्ती या पशु बाड़ों को निशाना बना सकता है। लोगों ने रात के समय विशेष सतर्कता बरतने की बात कही है।

सूचना के बाद भी नहीं पहुंची वन विभाग की टीम
घटना की सूचना वन विभाग को दी गई, लेकिन खबर लिखे जाने तक विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंची थी। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते घटनास्थल की जांच कर जानवर की पहचान करना जरूरी है, ताकि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो।

ग्रामीणों ने की जल्द कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों ने वन विभाग से मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण करने, हमले के निशानों की जांच करने और जंगली जानवर की पहचान कर उसे पकड़ने की मांग की है। साथ ही क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने की भी मांग की गई है।

Share