धार में महाजन हॉस्पिटल का गलत वीडियो वायरल: प्रबंधन ने बताया झूठा; पुलिस में की शिकायत

धार। महाजन हॉस्पिटल के खिलाफ सोशल मीडिया पर एक वीडियो प्रसारित किया जा रहा है। अस्पताल प्रबंधन ने वीडियो को गलत बताते हुए आधिकारिक खंडन जारी किया है। प्रबंधन का कहना है कि कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा अस्पताल की छवि खराब की जा रही है।
वीडियो को जिसको सोशल मीडिया पर फैलाया जा रहा है। इस पूरे मामले में साइबर क्राइम और पुलिस प्रशासन के समक्ष शिकायत कर FIR दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू करने की बात कही गई है।
अस्पताल प्रबंधन बोला- 15 साल से दे रहे स्वास्थ्य सेवाएं
अस्पताल प्रबंधन और निदेशक मंडल की ओर से जारी संदेश में कहा गया है कि महाजन हॉस्पिटल पिछले 15 वर्षों से धार शहर, जिले और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करा रहा है।
प्रबंधन के मुताबिक, पिछले 2-3 दिनों से सोशल मीडिया पर अस्पताल से संबंधित एक वीडियो प्रसारित किया जा रहा है। अस्पताल ने इसे गात बताते हुए कहा कि इसका उद्देश्य अस्पताल की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाना है। साथ ही लोगों के बीच भ्रम पैदा करना है।
CT-Scan, MRI समेत कई सुविधाएं उपलब्ध कराने का दावा
अस्पताल प्रबंधन ने कहा कि धार में CT-Scan, MRI, एंडोस्कोपी और आयुष्मान भारत योजना जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने में अस्पताल की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
प्रबंधन के अनुसार, जटिल सर्जरी के लिए इंदौर से वरिष्ठ विशेषज्ञों को बुलाकर धार में ही उपचार उपलब्ध कराया जाता है। इससे मरीजों और उनके परिजनों को बड़े शहर में इलाज के लिए जाने में होने वाले अतिरिक्त खर्च से राहत मिलती है।
आयुष्मान योजना के तहत इलाज का दावा
अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि आयुष्मान भारत योजना, मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान और अन्य सरकारी योजनाओं के माध्यम से पात्र जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क या न्यूनतम दरों पर इलाज उपलब्ध कराया जाता है।
इसके अलावा आपात स्थिति में मरीजों की आवश्यकता के अनुसार ICU एम्बुलेंस के जरिए इंदौर या अन्य बड़े चिकित्सा केंद्रों में रेफर करने की सुविधा भी उपलब्ध होने की बात कही गई है।
भ्रामक वीडियो फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई
अस्पताल प्रबंधन ने लोगों से सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो और अफवाहों पर भरोसा नहीं करने की अपील की है। प्रबंधन का कहना है कि अस्पताल की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से गलत वीडियो तैयार कर प्रसारित करने वालों के खिलाफ साइबर सेल और पुलिस में शिकायत की जा रही है।
प्रबंधन ने कहा कि अस्पताल पारदर्शिता और ईमानदारी के साथ मरीजों की सेवा के लिए प्रतिबद्ध है। किसी भी जानकारी या शिकायत के लिए लोगों से सीधे अस्पताल प्रबंधन से संपर्क करने की अपील की गई है।