| |

धार में राहुल गांधी पर हुई FIR के खिलाफ प्रदर्शन: शिकायत निरस्त करने की मांग; राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

धार। राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज झूठी एफआईआर को निरस्त करने की मांग को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सरदारपुर, दसई और अमझेरा द्वारा विधायक प्रताप ग्रेवाल के नेतृत्व में धरना प्रदर्शन किया।

धरना प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार एवं प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए राहुल गांधी के विरुद्ध दर्ज एफआईआर को तत्काल निरस्त करने की मांग उठाई।

संविधान की रक्षा के लिए सदैव संघर्ष करेंगे 
विधायक प्रताप ग्रेवाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सामाजिक न्याय, समानता और संविधान की रक्षा के लिए सदैव संघर्ष करती रही है। नेता विपक्ष राहुल गांधी ने समाज में व्याप्त जातिवाद एवं भेदभाव के खिलाफ आवाज उठाई है। जातिवाद और भेदभाव जैसी सामाजिक बुराइयों के खिलाफ आवाज उठाना लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक अधिकार है।

एफआईआर को पार्टी स्वीकार नहीं करेगी
ऐसे मामलों में राजनीतिक दबाव के चलते कार्रवाई करना लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए चिंताजनक है। उनके खिलाफ दर्ज एफआईआर को कांग्रेस पार्टी किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगी। लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध दर्ज कराती रहेगी।
धरना प्रदर्शन के पश्चात कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने देश के राष्ट्रपति के नाम पर सरदारपुर तहसीलदार को ज्ञापन को सौंपा।

एफआईआर को तत्काल निरस्त करने की मांग
उन्होंने राहुल गांधी के विरुद्ध दर्ज कथित झूठी एफआईआर को तत्काल निरस्त करने की मांग रखी। इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षगण रतनलाल पडियार, भेरूसिंह बडगोता, प्रदेश कांग्रेस प्रतिनिधी सुरेन्द्रसिंह पटेल सहित बडी संख्‍या में पदाधिकारी मौजूद थे।

Share