| | |

इंदौर में फूड विभाग की कार्रवाई: सयाजी होटल के 8 में से 5 सैंपल फेल; घी के 16 नमूने भी असुरक्षित

इंदौर। शहर में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर फूड विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की जांच में सयाजी होटल से लिए गए 8 सैंपलों में से 5 मानकों पर खरे नहीं उतरे। इनमें पनीर और खोपरा बूरा अवमानक मिले, जबकि पिस्ता कतरन और मूंगफली दाना के नमूने असुरक्षित पाए गए हैं।

सयाजी होटल के 5 सैंपल जांच में फेल
फूड विभाग ने सयाजी होटल से अलग-अलग खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए थे। जांच रिपोर्ट में 8 में से 5 नमूने फेल पाए गए। विभाग के अनुसार पनीर और खोपरा बूरा अवमानक मिले हैं। वहीं पिस्ता कतरन और मूंगफली दाना को असुरक्षित बताया गया है। इन नमूनों को लेकर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।

घी के 16 नमूने भी असुरक्षित
खाद्य विभाग की जांच में घी कंपनियों के नमूने भी मानकों पर खरे नहीं उतरे। डुग्गू इंटरप्राइजेज के 9 और कृष इंटरप्राइजेज के 7 घी के नमूने जांच में फेल हुए हैं। विभाग ने इन नमूनों को असुरक्षित बताया है। संबंधित कंपनियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।

कई डेयरियों से लिए दूध-पनीर के सैंपल
विभाग ने शहर की कई डेयरियों पर भी कार्रवाई की। विजयनगर, स्कीम नंबर 78, रंगवासा और सुदामा नगर क्षेत्र की डेयरियों से दूध और पनीर के नमूने लिए गए। जांच में कुछ नमूने अवमानक पाए गए हैं। विभाग ने संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की है।

CM हेल्पलाइन शिकायत पर भी कार्रवाई
खाद्य विभाग ने CM हेल्पलाइन पर मिली शिकायतों पर भी कार्रवाई की। यारी अड्डा बार में गंदगी मिलने पर नोटिस जारी किया गया। वहीं जैन रेस्टोरेंट से कचौरी और समोसे के सैंपल जब्त कर जांच के लिए भेजे गए हैं। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर जांच लगातार जारी रहेगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित प्रतिष्ठानों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Share