झाबुआ में फोरलेन को लेकर किसानों की मांग: बोले- मुआवजा बढ़े; SDM ने दिया आश्वासन

झाबुआ। बदनावर-टिमरवाणी फोर लेन निर्माण के तहत बुधवार दोपहर पेटलावद एसडीएम रितिका पाटीदार ने करड़ावद गांव में किसान चौपाल का आयोजन किया। इस दौरान जमीन देने वाले किसानों ने अधिकारियों के सामने अपनी प्रमुख समस्याएं रखीं।
किसान योगेश मंडलोई ने शासन द्वारा चार गुना मुआवजा दिए जाने की घोषणा के पैमाने के बारे में जानकारी चाही। वहीं, रणछोड़ आंजना ने बताया कि सड़क निर्माण में उनका कुआं आ रहा है जिससे कुआं छिनने के कारण उनकी पूरी जमीन सूखी रह जाएगी और मुआवजा भी कम मिल रहा है, इसलिए इसे बढ़ाया जाना चाहिए।
रास्तों का निर्धारण और अन्य तकनीकी परेशानियां
किसान रामचरण वराघट ने चिंता जताई कि खेतों के बीच से सड़क निकलने के कारण किसानों की जमीन दोनों तरफ दो हिस्सों में बंट जाएगी, ऐसे में खेतों तक आने-जाने के रास्तों का निर्धारण किस प्रकार किया जाएगा।
इसके अलावा रणदीप मंडलोई, रामा कवा, सुभाष राठौड़, लखन आंजना और लखन वैरागी सहित अन्य किसानों ने सड़क की ऊंचाई और पाइपलाइन जैसी कई अन्य दिक्कतों को लेकर अधिकारियों से सवाल-जवाब किए।

SDM का किसानों को आश्वासन
किसानों की सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनने के बाद एसडीएम रितिका पाटीदार ने उन्हें आश्वस्त किया कि उनकी हर परेशानी का उचित समाधान किया जाएगा।
उन्होंने किसानों से कहा कि अब उन्हें अपनी समस्याओं के लिए जिला स्तर पर जाने की आवश्यकता नहीं होगी, बल्कि वे सीधे उनके दफ्तर में आकर व्यक्तिगत रूप से मिल सकते हैं या अपनी शिकायत लिखकर वहां रखे बॉक्स में डाल सकते हैं।
इनकी मौजूदगी रही
इस किसान चौपाल के दौरान तहसीलदार यशपाल सिंह मुजाल्दे, एनएचएआई के अधिकारी, भारतीय किसान संघ के जिला मंत्री वर्दीचंद पाटीदार, भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष महेंद्र हामड़, सरपंच रामसिंह सिंगाड़, उपसरपंच रघुवीर सिंह मंडलोई, पटवारी श्यामपाल चंद्रावत, रामचंद्र कवा, महेश व्यास, भारतसिंह आंजना और धर्मेंद्र गांधी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय किसान मौजूद रहे।