धार में 9वीं के छात्र ने लगाई फांसी; नीम के पेड़ से लटका मिला शव; हॉस्टल में रहता था

धार। कुक्षी तहसील अंतर्गत ग्राम बड़ग्यार में एक 13 साल के छात्र ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। वह निसरपुर के सीनियर बॉयज हॉस्टल में रहता था। छात्र सांदीपनी स्कूल में 9वीं कक्षा में पढ़ता था।
छात्र दीवान मोरी का शव बुधवार सुबह अपने ही गांव के एक खेत में नीम के पेड़ से लटका मिला। घटना के समय छात्र स्कूल यूनिफॉर्म पहने हुए था। छात्र ने फांसी क्यू लगाई इसका कारण सामने नहीं आया है।
हॉस्टल लौटने के बजाय घर पहुंचा था छात्र
जानकारी के अनुसार, दीवान रक्षाबंधन की छुट्टियां मनाने अपने गांव बड़ग्यार आया हुआ था। हॉस्टल अधीक्षक रामसिंह बघेल और बीईओ हीरालाल निंग्वाल के अनुसार, छात्र 31 अगस्त को स्कूल गया था, लेकिन उसके बाद हॉस्टल नहीं लौटा। वह 1 सितंबर की शाम को सीधे अपने गांव बड़ग्यार पहुंच गया। इसके बाद 2 सितंबर की सुबह उसने खेत में जाकर पेड़ पर रस्सी का फंदा डालकर जान दे दी।
पिता करते हैं खेती
मृतक के पिता धनराज मोरी पेशे से किसान हैं। दीवान का एक बड़ा भाई और दो बहनें हैं, जो इंदौर में रहकर पढ़ाई कर रहे हैं। घटना के बाद से परिवार दुखी है।
पुलिस कर रही कारणों की जांच
सूचना मिलते ही कुक्षी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतारकर कुक्षी सिविल अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। कुक्षी पुलिस मामला दर्ज कर छात्र की मानसिक स्थिति, हॉस्टल और स्कूल से जुड़े संभावित कारणों सहित सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।