| |

झाबुआ में डिजिटल सखी कार्यक्रम आयोजित: 200 महिलाएं हुई शामिल; गांव में बढ़ाएंगी डिजिटल जागरूकता

झाबुआ। जिले में मंजरी संस्था एवं एल एंड टी के सहयोग से “डिजिटल सखी” कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में प्रोजेक्ट उत्थान एवं प्रोजेक्ट जल वैभव से जुड़ी लगभग 200 डिजिटल सखियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम में जिला कलेक्टर योगेश भरसट एवं पुलिस अधीक्षक देवेंद्र कुमार पाटीदार की गरिमामयी उपस्थिति रही।

एल एंड टी की कंपनी सचिव एवं मुख्य स्थिरता अधिकारी अपूर्वा राठौड़, सीएसआर एवं स्थिरता विभाग के प्रमुख समीर शर्मा तथा मंजरी संस्था के कार्यकारी निदेशक संजय शर्मा सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से किसान, सरपंच एवं जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ अन्य गैर-सरकारी संगठनों (एनजीओ) के प्रतिनिधियों ने भी सहभागिता की।

डिजिटल सखी पहल का उद्देश्य
“डिजिटल सखी” पहल का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को डिजिटल तकनीक से जोड़ना और उन्हें डिजिटल सेवाओं के उपयोग के लिए सक्षम बनाना है। डिजिटल सखियां अपने-अपने गांवों में महिलाओं एवं ग्रामीण परिवारों को डिजिटल लेन-देन, ऑनलाइन सेवाओं, शासकीय योजनाओं एवं विभिन्न डिजिटल सुविधाओं की जानकारी देकर उन्हें डिजिटल रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

सशक्तिकरण और प्रेरणा
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों ने डिजिटल सखियों के प्रयासों की सराहना की तथा उन्हें ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल जागरूकता बढ़ाने और अधिक से अधिक लोगों को डिजिटल सेवाओं से जोड़ने के लिए प्रेरित किया। प्रोजेक्ट उत्थान एवं प्रोजेक्ट जल वैभव के अंतर्गत जुड़ी डिजिटल सखियों की सहभागिता इस पहल को गांव-गांव तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

आभार प्रदर्शन
कार्यक्रम के सफल आयोजन पर मंजरी संस्था ने जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, एल एंड टी, सभी शासकीय अधिकारियों, किसान एवं सरपंचों, अन्य एनजीओ प्रतिनिधियों तथा कार्यक्रम में उपस्थित सभी 200 डिजिटल सखियों का हार्दिक आभार व्यक्त किया। मंजरी संस्था का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को डिजिटल रूप से सशक्त बनाकर उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ना तथा डिजिटल सेवाओं की पहुंच गांव-गांव तक सुनिश्चित करना है।

Share