इंदौर में युवक ने लगाई फांसी: पत्नी और ससुराल वालों पर प्रताड़ना का आरोप; परिजनों के बयान दर्ज किए

इंदौर। हीरानगर थाना क्षेत्र में बुधवार को एक युवक ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए एमवाय अस्पताल भेजा।
पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि युवक ने पारिवारिक परेशानी के साथ पत्नी और उसके माता-पिता पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है।
महिला ने दी सूचना
थाना प्रभारी सुशील पटेल के मुताबिक, 2 सितंबर को रेणु बाला नामक महिला ने पुलिस को घटना की सूचना दी थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
परिजनों के बयान दर्ज किए
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम किया है। सुसाइड नोट की जांच के साथ ही परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही आत्महत्या की वजह स्पष्ट हो सकेगी। मामले में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।