इंदौर में रेडीसन-रोबोट चौराहे पर बनेगा फ्लायओवर: अहिल्योत्सव समिति को 8 लाख; गणेश समितियों को मिलेंगे 3-3 लाख

इंदौर। इंदौर विकास प्राधिकरण के संचालक मंडल की बैठक मंगलवार को हुई। बैठक में रेडीसन चौराहा और रोबोट चौराहा पर फ्लायओवर बनाने MR-09 मार्ग के निर्माण सहित 177.33 करोड़ रुपए के विकास कार्यों को स्वीकृति दी गई है।
रेडीसन चौराहे पर प्रस्तावित फ्लायओवर निर्माण के लिए 76.59 करोड़ रुपए। इसी तरह रोबोट चौराहे पर प्रस्तावित फ्लायओवर के लिए 94.18 करोड़ रुपए मंजूर किए गए। दोनों फ्लायओवर बनने के बाद यातायात का दबाव कम होने की उम्मीद है।
आगरा-मुंबई बायपास से IDA की योजना क्रमांक 5 को जोड़ने वाले मास्टर प्लान MR-09 मार्ग के लिए 6.56 करोड़ रुपए। रेडीसन और रोबोट चौराहे के फ्लायओवर सहित गैर-योजनामद में कुल 177.33 करोड़ रुपए के विकास कार्यों को मंजूरी मिली है।
एरोसिटी के विकास पर 52.61 करोड़ खर्च होंगे
बैठक में योजना क्रमांक 151-169-B में TCS और Infosys को दी गई जमीन के बदले शासन से प्राप्त जमीन को एरोसिटी के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया गया। यह जमीन योजना क्रमांक 172 के समीप स्थित है। यहां से एयरपोर्ट तक 75 मीटर चौड़ा और करीब 1.5 किलोमीटर लंबा मार्ग बनाया जाएगा। इसके लिए 52.61 करोड़ रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है। एरोसिटी विकसित होने से एयरपोर्ट के आसपास होटल, व्यावसायिक और सेवा गतिविधियों के विस्तार को गति मिलने की संभावना है।

योजना 172 के लिए 240.93 करोड़ मंजूर
एयरपोर्ट रोड स्थित योजना क्रमांक 172 के विकास कार्यों के लिए IDA बोर्ड ने 240.93 करोड़ रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति दी। योजना के विकास से शहर के आसपास के क्षेत्रों में सड़क, अधोसंरचना और अन्य विकास गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद है।
मेघदूत उपवन से लगी जमीन का विकास होगा
योजना क्रमांक 54 के तहत मेघदूत उपवन से लगी IDA की करीब 3.83 हेक्टेयर जमीन के समग्र विकास और कंसल्टेंट की नियुक्ति के लिए 15 करोड़ रुपए मंजूर किए गए। जमीन का सुनियोजित उपयोग करने के साथ मेघदूत उपवन में आने वाले दर्शकों की संख्या बढ़ाने की दिशा में भी काम किया जाएगा।
योजना 97 पार्ट-2 की 33.95 करोड़ की निविदा मंजूर
बैठक में योजना क्रमांक 97 पार्ट-2 के विकास कार्य के लिए न्यूनतम निविदादाता की ओर से प्रस्तुत 33 करोड़ 95 लाख 98 हजार 498 रुपए की निविदा को मंजूरी दी गई। इससे योजना के विकास कार्य शुरू करने का रास्ता साफ होगा।
कई योजनाओं में भूखंडों की दरें तय
IDA की विभिन्न योजनाओं में आवासीय और व्यावसायिक संपत्तियों के व्ययन के लिए दरें भी निर्धारित की गईं। योजना क्रमांक 103 के बहुमंजिला भवन ‘पलाश’ में 31 आवासीय प्रकोष्ठ, योजना क्रमांक 114-प्रथम में 9 आवासीय प्रकोष्ठ और योजना क्रमांक 135 में 106 आवासीय भूखंड शामिल हैं।
इसके अलावा योजना क्रमांक 59 पार्ट-2 में व्यावसायिक उपयोग के 21 और आवासीय उपयोग के एक भूखंड, योजना क्रमांक 136 में 151 आवासीय भूखंड तथा योजना क्रमांक 71 सेक्टर-A में व्यावसायिक, औद्योगिक और शॉपिंग उपयोग के भूखंडों के लिए भी दरें तय की गईं। योजना क्रमांक 54 में चिकित्सालय उपयोग के भूखंड की दर भी निर्धारित की गई है।

अहिल्योत्सव समिति को 8 लाख, गणेश समितियों को 3-3 लाख
बैठक में अहिल्योत्सव समिति को अहिल्योत्सव वर्ष 2026 के आयोजन के लिए 8 लाख रुपए का अनुदान देने की मंजूरी दी गई। वहीं बंद कपड़ा मिलों की पांच गणेशोत्सव समितियों को गणेश विसर्जन चल समारोह में निकलने वाली झांकियों के निर्माण के लिए प्रत्येक समिति को 3 लाख रुपए की सहयोग राशि देने का निर्णय लिया गया।