संत रविदास जयंती पर भाजपा की कलश यात्रा: विधानसभा-5 में जगह-जगह हुआ स्वागत; महिलाओं ने की पूजा

इंदौर। संत शिरोमणि रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर भाजपा ने सामाजिक समरसता संकल्प महाअभियान के तहत मंगलवार को कलश वंदन यात्रा निकाली। विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 5 के तीन मंडलों में निकली यात्रा में बड़ी संख्या में समाजजन, महिलाएं और भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए।
भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा और अभियान प्रभारी भूपेंद्र सिंह केसरी ने बताया कि अभियान के तहत शहर के अलग-अलग मंडलों में कलश वंदन यात्रा निकाली जा रही है। इसी कड़ी में छत्रपति शिवाजी मंडल, संत कबीर दास मंडल और वीर सावरकर मंडल में यात्रा निकाली गई।
विधायक हार्डिया ने सिर पर रखा पवित्र माटी कलश
विधायक महेंद्र हार्डिया की मौजूदगी में तीनों क्षेत्रों में कलश यात्रा निकाली गई। बैंड-बाजे, ढोल-ढमाकों और डीजे के साथ यात्रा आगे बढ़ी। विधायक महेंद्र हार्डिया ने पवित्र माटी के कलश को अपने सिर पर रखकर यात्रा में हिस्सा लिया।
पहली यात्रा शांति नगर से शुरू हुई। दूसरी यात्रा नेहरू नगर स्थित संत रविदास मंदिर से और तीसरी यात्रा खजराना क्षेत्र के उर्दू स्कूल रविदास नगर से शुरू हुई।

जगह-जगह नागरिकों ने किया स्वागत
कलश यात्रा चौधरी पार्क, शांति नगर, सुदर्शन नगर, रविदास मोहल्ला, पीपलियाहाना, खजराना और नेहरू नगर सहित विभिन्न क्षेत्रों से होकर गुजरी। रास्ते में नागरिकों ने जगह-जगह मंच लगाकर यात्रा का स्वागत किया। क्षेत्र की महिलाओं ने पवित्र कलश की पूजा की और आरती उतारी। यात्रा के दौरान संत रविदास जी महाराज के जयकारे भी लगाए गए।

कलश पूजन और आरती के साथ हुआ समापन
कलश यात्रा के समापन पर पवित्र कलश का पूजन किया गया। इसके बाद संत रविदास जी महाराज की आरती हुई। आयोजन में सामाजिक समरसता और एकता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य नंदकिशोर पहाड़िया, नगर महामंत्री कैलाश पिपले, नगर उपाध्यक्ष वासुदेव पाटीदार, नेहा शर्मा, अनुसूचित जाति मोर्चा नगर अध्यक्ष भूपेंद्र चौहान, पार्षद अनिल गोहर, कविता रमन, विधानसभा प्रभारी महेश जोशी सहित कई पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में समाजजन व मातृशक्ति मौजूद रही।