| |

झाबुआ में व्यापारियों अतिक्रमण लिए दी अंतिम चेतावनी: दुकानों के आगे 15-20 फीट तक कब्जा; बुधवार से होगी कार्रवाई

झाबुआ। शहर को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए प्रशासन ने अब सख्ती की तैयारी कर ली है। अतिक्रमण हटाने को लेकर व्यापारियों को अंतिम चेतावनी दी गई है। मंगलवार को अनुविभागीय अधिकारी राजस्व महेश मंडलोई और मुख्य नगर पालिका अधिकारी मिलन पटेल दलबल के साथ शहर में पहुंचे। अधिकारियों ने व्यापारियों और अतिक्रमणकारियों को जल्द से जल्द अतिक्रमण हटाने की समझाइश दी। साथ ही स्पष्ट किया कि बुधवार से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सख्ती के साथ की जाएगी।

शहर में लगातार बढ़ रहे अतिक्रमण के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। कुछ दिनों पहले नगरीय प्रशासन की ओर से अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी किए गए थे। नोटिस में अतिक्रमण हटाने के लिए समय दिया गया था। इसकी समय सीमा भी अब समाप्त हो चुकी है।

दुकानों के आगे 15 से 20 फीट तक कब्जा
शहर में जेल चौराहे से लेकर बस स्टैंड क्षेत्र तक कई दुकानदारों ने निर्धारित सीमा से आगे सामान रख रखा है। कई जगह दुकानों का सामान 15 से 20 फीट तक आगे फैला हुआ है।

इसके अलावा कई दुकानदारों ने अवैध गुमटियां भी काबिज कर रखी हैं। कई जगह टीन शेड और छज्जे भी निर्धारित सीमा से बाहर लगाए गए हैं। इससे सड़कों की चौड़ाई कम हो रही है।

अतिक्रमण से बिगड़ रही यातायात व्यवस्था
लगातार हो रहे अतिक्रमण से शहर की यातायात व्यवस्था बिगड़ रही है। प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। इसके कारण आए दिन दुर्घटनाएं होने की स्थिति भी बनी रहती है।

आम नागरिकों की ओर से लगातार मिल रही शिकायतों के बाद नगरीय प्रशासन ने अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी किए थे। इसके बावजूद कई जगह अतिक्रमण नहीं हटाया गया।

मंगलवार को दी अंतिम चेतावनी
मंगलवार को प्रशासनिक अमला एक बार फिर व्यापारियों के बीच पहुंचा। एसडीएम महेश मंडलोई और सीएमओ मिलन पटेल ने मौके पर स्थिति देखी। अधिकारियों ने व्यापारियों को अतिक्रमण हटाने की अंतिम चेतावनी दी।

प्रशासन ने साफ किया कि बुधवार से अतिक्रमण हटाओ मुहिम शुरू की जाएगी। कार्रवाई के दौरान निर्धारित सीमा से बाहर किए गए कब्जे, अवैध गुमटियां, टीन शेड और अन्य अतिक्रमण हटाए जाएंगे।

Share