हिन्दी पखवाड़ा: शासकीय महाविद्यालय राऊ में आयोजित हुआ विशेष परिसंवाद

हिन्दी पखवाड़ा के अन्तर्गत शासकीय महाविद्यालय गुरुकुल परिसर, राऊ में विद्यार्थियों के लिए विशेष परिसंवाद का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ होम्योपैथी चिकित्सक एवं प्रांत संयोजक (शिक्षा-स्वास्थ्य), मालवा प्रांत, शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास, नई दिल्ली डॉ. ए.के. द्विवेदी मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे।

परिसंवाद को संबोधित करते हुए डॉ. द्विवेदी ने कहा कि “आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में सकारात्मक सोच और संतुलित जीवनशैली ही स्वास्थ्य का असली मंत्र है।” उन्होंने बताया कि असंतुलित दिनचर्या, देर रात तक जागना, मोबाइल और टीवी पर अधिक समय बिताना, जंक फूड का सेवन, व्यायाम की कमी और तनाव जैसी आदतें शरीर को अंदर से कमजोर कर देती हैं। यही कारण है कि मधुमेह, हृदय रोग, उच्च रक्तचाप, माइग्रेन, पाइल्स, स्पॉन्डिलाइटिस जैसी बीमारियाँ तेजी से बढ़ रही हैं।

डॉ. द्विवेदी ने कहा कि इन बीमारियों में होम्योपैथी उपचार बेहद प्रभावी है। विशेष रूप से माइग्रेन, पाइल्स, फिस्टुला, पथरी और स्पॉन्डिलाइटिस के मामलों में बिना सर्जरी राहत संभव है। उन्होंने विद्यार्थियों को संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, पर्याप्त नींद, सकारात्मक सोच और नशे से दूरी बनाए रखने की प्रेरणा दी।

इस अवसर पर विद्यार्थियों को संकल्प दिलाया गया कि वे स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर मानसिक, शारीरिक और सामाजिक रूप से स्वस्थ रहेंगे तथा भारत का नाम रोशन करेंगे।

कार्यक्रम में निबंध और स्लोगन प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। निबंध प्रतियोगिता में अजय डोडवा (प्रथम), रश्मि पटेल (द्वितीय) और राजकुमार श्री सम्राट (तृतीय) रहे। वहीं स्लोगन प्रतियोगिता में ममता कुशवाहा (प्रथम), रश्मि पटेल (द्वितीय) और पुष्पांजलि पाण्डेय (तृतीय) स्थान पर रहीं।

 

कार्यक्रम का संचालन डॉ. श्वेता हार्डिया (भारतीय ज्ञान परम्परा प्रकोष्ठ प्रभारी) ने किया। सह-संयोजक डॉ. सीताराम अनारे ने आभार व्यक्त किया। डॉ. निकिता कर्मा, डॉ. ग़ाल सिंह ठाकुर एवं डॉ. कुसुम वास्केल सदस्य के रूप में उपस्थित रहीं।

Share

Similar Posts