|

इंदौर में भीषण सड़क हादसा: विधायक की बस ने बाइक को मारी टक्कर, चार की दर्दनाक मौत

इंदौर के सावेर थाना क्षेत्र में देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। उज्जैन रोड पर बीजेपी विधायक गोलू शुक्ला की बस ने एक बाइक सवार परिवार को टक्कर मार दी। हादसा इतना भयानक था कि मौके पर ही दो बच्चों समेत चार लोगों की मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस तेज़ रफ्तार में थी और चालक ने अचानक नियंत्रण खो दिया। अनियंत्रित बस सीधे बाइक से टकराई, जिस पर पति-पत्नी और उनके दो छोटे बच्चे सवार थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सड़क पर दूर तक घिसटती चली गई और परिवार को बचाया नहीं जा सका।

मौके पर चीख-पुकार मच गई और राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सावेर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा।

हादसे की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बस चालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का प्रकरण दर्ज किया है। हालांकि चालक घटना के बाद फरार हो गया है, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है। प्रारंभिक जांच में बस विधायक गोलू शुक्ला के नाम पर पंजीकृत पाई गई, लेकिन हादसे के समय बस में विधायक मौजूद नहीं थे।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि चालक की लापरवाही और तेज़ रफ्तार इस दर्दनाक हादसे का मुख्य कारण थी। स्थानीय लोगों ने कहा कि उज्जैन रोड पर तेज़ रफ्तार वाहन अक्सर दुर्घटनाओं का कारण बनते हैं, लेकिन यह हादसा पूरे क्षेत्र के लिए गहरे सदमे का कारण बन गया।

बाइट: यांगचैन डोलकर भूटिया, एसपी ग्रामीण, इंदौर

Share

Similar Posts