ओरछा में BJP की प्रदेश कार्यसमिति बैठक शुरू: नरोत्तम मिश्रा समेत कई नेता हुए शामिल; दो दिन चलेगा मंथन

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी मध्यप्रदेश की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति बैठक रविवार से ओरछा, जिला निवाड़ी में शुरू हो गई। बैठक में पूर्व गृहमंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा भी शामिल हुए। वे पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ दो दिन ओरछा में रहेंगे।
होटल राजमहल/राज विलास में आयोजित बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय और प्रदेश नेतृत्व के अलावा प्रदेश पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में कार्यसमिति सदस्य, जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी, संभाग प्रभारी, मोर्चा अध्यक्ष सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता शामिल हुए हैं।
संगठन को मजबूत करने पर मंथन
प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने के साथ बूथ सशक्तिकरण, संगठन विस्तार और प्रशिक्षण जैसे मुद्दों पर चर्चा की जा रही है। इसके अलावा आगामी पार्टी कार्यक्रमों और राजनीतिक रणनीति को लेकर भी वरिष्ठ नेता मंथन कर रहे हैं।
बैठक के दौरान आगामी संगठनात्मक कार्ययोजना को लेकर प्रदेश नेतृत्व की ओर से दिशा तय किए जाने की संभावना है। पार्टी की जमीनी गतिविधियों को और प्रभावी बनाने के साथ संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

शिवप्रकाश, मोहन यादव समेत कई बड़े नेता मौजूद
बैठक में राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और केंद्रीय कार्यालय प्रभारी एवं सांसद तरुण चुघ सहित प्रदेश सरकार के मंत्री और पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद हैं।
राजनीतिक दिशा तय करने के लिहाज से अहम बैठक
ओरछा में आयोजित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संगठनात्मक और राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दो दिनों तक चलने वाले मंथन में पार्टी की आगामी गतिविधियों, संगठनात्मक विस्तार और राजनीतिक रणनीति को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाने की संभावना है।