रीवा के नेशनल हॉस्पिटल में लिफ्ट गिरने से मरीज की मौत: कर्मचारी लिफ्ट में छोड़ गया था; परिजनों की पुलिस से झड़प

रीवा। नेशनल हॉस्पिटल में शनिवार देर रात लिफ्ट गिरने से एक मरीज की मौत हो गई। हादसे के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मृतक के परिजनों और अन्य लोगों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया। घटना के बाद अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और लिफ्ट के रखरखाव को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के मुताबिक अमरपाटन के लालपुर निवासी सुरेश सेन पेड़ से गिरने के बाद गंभीर रूप से घायल हुए थे। परिजन उन्हें इलाज के लिए रीवा के नेशनल हॉस्पिटल लेकर आए थे। बताया जा रहा है कि शनिवार की रात को वे अस्पताल की लिफ्ट में थे। इसी दौरान लिफ्ट से जुड़ा हादसा हो गया और वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद उन्हें जल्दी इलाज के लिए ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। सुरेश सेन की मौत की जानकारी मिलते ही परिजन आक्रोशित हो गए। उसके बाद अस्पताल परिसर में परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया।

कर्मचारी लिफ्ट में छोड़कर गया, परिजनों का आरोप
मृतक के परिजनों का आरोप है कि जिस समय हादसा हुआ, उस वक्त अस्पताल का एक कर्मचारी सुरेश सेन को लिफ्ट में छोड़कर गया था। इसके बाद लिफ्ट गिरने से यह हादसा हुआ। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस पर मारपीट और घसीटने का आरोप
हंगामे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाइश देकर स्थिति को शांत कराया। हालांकि मृतक के परिजनों ने पुलिस पर उनके साथ मारपीट करने और जमीन पर घसीटने का आरोप लगाया है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए संजय गांधी अस्पताल भेज दिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाने की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
घटना से जुड़ी तस्वीरें:

