नया भारत किसी की परमाणु धमकी से डरने वाला नहीं है : प्रधानमंत्री मोदी

धार। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को धार जिले की बदनावर तहसील के भैंसोला गांव में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि “नया भारत किसी की परमाणु धमकी से डरने वाला नहीं है। यह नया भारत है, जो दुश्मनों को घर में घुसकर मारता है।”
उन्होंने मां वाग्देवी के चरणों में नमन करते हुए कहा कि धार की धरती पराक्रम और प्रेरणा की प्रतीक रही है। महाराजा भोज का शौर्य राष्ट्र रक्षा का संदेश देता है और महर्षि दधीचि का त्याग मां भारती की सेवा के लिए प्रेरणा देता है। प्रधानमंत्री ने कहा कि जिन्होंने मां-बहनों का सिंदूर उजाड़ा था, उन्हें ध्वस्त कर दिया गया। हमारे वीर जवानों ने पलक झपकते ही पाकिस्तान को घुटनों पर ला दिया और कल ही एक पाकिस्तानी आतंकी ने दुनिया को रो-रोकर अपना हाल बताया।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने पीएम मित्र पार्क का शिलान्यास किया। साथ ही राष्ट्रीय ’स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार’ महाअभियान, आठवें राष्ट्रीय पोषण माह, आदि सेवा पर्व का शुभारंभ और ’सुमन सखी चैटवॉट’ का लोकार्पण भी किया। कार्यक्रम में राज्यपाल मंगुभाई पटेल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर उपस्थित रहे।
प्रधानमंत्री ने 17 सितंबर को देश के लिए ऐतिहासिक दिन बताते हुए कहा कि इसी दिन सरदार वल्लभभाई पटेल की फौलादी इच्छा शक्ति से भारतीय सेना ने हैदराबाद को अत्याचारों से मुक्त कराया था। दशकों तक इस महान शौर्य को भुला दिया गया, लेकिन हमारी सरकार ने इसे अमर कर दिया और आज यह दिन “हैदराबाद लिबरेशन डे” के रूप में मनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि हमें अपने जीवन का हर पल देश के लिए जीना चाहिए। स्वतंत्रता सेनानियों ने विकसित भारत का सपना देखा था और अब यह हमारी जिम्मेदारी है कि भारत को गुलामी से निकालकर तेज़ी से आगे बढ़ाएँ।






