उमस भरे दिन के बाद झमाझम से भीगा इंदौर

इंदौर। बुधवार को दिनभर उमस और गर्मी से जूझ रहे शहरवासियों को आखिरकार बारिश ने राहत दी। दोपहर करीब 2 बजे सबसे पहले खजराना क्षेत्र के आसपास तेज बारिश हुई। इसके बाद शाम ढलते-ढलते निपानिया, विजय नगर और शहर के अन्य इलाकों में झमाझम बौछारें पड़ीं, जिसने लोगों को तरबतर कर दिया।
रात होते-होते भी बारिश का सिलसिला थमा नहीं। रात करीब 7:30 बजे के बाद विजय नगर क्षेत्र में एक बार फिर जोरदार बौछारें हुईं। वहीं, रीगल क्षेत्र में रात 8:30 बजे के आसपास आधे घंटे में 8.25 मिमी वर्षा दर्ज की गई। दिनभर बादलों की मौजूदगी और देर शाम हुई झड़ी से सड़कों पर पानी भर गया और मौसम सुहाना हो गया।
बारिश के बाद दिन के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। बुधवार को अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से करीब दो डिग्री अधिक रहा। वहीं सितंबर माह में अब तक 236 मिमी वर्षा दर्ज की जा चुकी है।
मौसम विज्ञानियों का कहना है कि गुरुवार को भी इंदौर में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है। अगले तीन दिनों तक बूंदाबांदी और बौछारों का यह सिलसिला जारी रहने का अनुमान जताया गया है।






