बालाघाट के 100 गांवों का बदलेगा स्वरूप: 225 करोड़ रुपए होंगे खर्च; सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं होंगी मजबूत

बालाघाट। जिले के ऐसे 100 गांवों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए सरकार 225 करोड़ रुपए खर्च करेगी, जो कभी नक्सल प्रभावित रहे हैं। इन गांवों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत किया जाएगा। सरकार की इस पहल के तहत गांवों में सड़क, बिजली और पेयजल की सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। इसके साथ ही शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को भी बेहतर बनाया जाएगा।
ग्रामीणों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं
इन गांवों में जरूरी मूलभूत सुविधाओं के विकास और सुदृढ़ीकरण का काम किया जाएगा। इससे ग्रामीणों को रोजमर्रा की जरूरतों से जुड़ी बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि इस पहल से नक्सल प्रभावित रहे क्षेत्रों में विकास को गति मिलेगी। गांवों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने में भी इससे मदद मिलेगी।