| |

मेजर ध्यानचंद को भारत रत्न की मांग: मुकेश नायक बोले- हर जिले में स्टेडियम हो; खिलाड़ियों को रोजगार मिले

भोपाल। राष्ट्रीय खेल दिवस पर मेजर ध्यानचंद को भारत रत्न देने की मांग को लेकर कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ध्यानचंद का हॉकी में योगदान बहुत बड़ा है। उन्हें भारत रत्न मिलना चाहिए, लेकिन सिर्फ एक खिलाड़ी को सम्मान देने से खेलों की स्थिति नहीं बदलेगी।

बोले- खेलों में देश के खिलाड़ी कहां खड़े हैं, इस पर भी ध्यान दें
मुकेश नायक ने कहा कि सबसे जरूरी यह देखना है कि ओलंपिक, एशियन गेम्स और कॉमनवेल्थ गेम्स में हमारे खिलाड़ी और टीमें कहां खड़ी हैं। उन्होंने कहा कि जिस हॉकी को कभी हिंदुस्तान में मजहब की तरह माना जाता था, आज उस खेल में हमारी स्थिति क्या है, इस पर भी विचार होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि हर जिले में खेलों के लिए बेहतर स्टेडियम होने चाहिए। उत्कृष्ट खिलाड़ियों को रोजगार की सुविधा मिलनी चाहिए। खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए सरकार को ठोस प्रयास करने चाहिए।

‘स्पोर्ट्स कल्चर विकसित करने की जरूरत’
नायक ने कहा कि देश और प्रदेश में खेलों का माहौल बनाने की जरूरत है। बच्चों को कम उम्र से ही खेलों से जोड़ना चाहिए। इसके लिए जरूरी सुविधाएं और प्रशिक्षण उपलब्ध कराए जाने चाहिए। उन्होंने राष्ट्रीय खेल दिवस के आयोजन पर तंज कसते हुए कहा कि अगर खेलों की बुनियादी सुविधाओं और खिलाड़ियों की समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया गया तो यह खेल दिवस नहीं, बल्कि ‘फेल दिवस’ है।

 

Share