| |

झाबुआ की आंगनवाड़ी में नहीं या रहे बच्चें: 4 दिन से डॉक्टर गायब; ग्रामीण बोलें- शिक्षकों की कमी है

झाबुआ। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के तहत कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने शनिवार को राणापुर विकासखंड का दौरा किया। उन्होंने ग्राम कन्जावानी में कई शासकीय संस्थाओं का निरीक्षण किया।

कलेक्टर ने मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही सामने आई। आंगनवाड़ी केंद्र में भी अव्यवस्था मिली। लापरवाही मिलने पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कार्रवाई करने के लिए कहा।

स्वास्थ्य केंद्र में 4 दिन से डॉक्टर अनुपस्थित
कलेक्टर ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कन्जावानी का निरीक्षण किया। यहां संबंधित चिकित्सक पिछले चार दिनों से अनुपस्थित मिले। इस पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित डॉक्टर को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। इसी दौरान ग्रामीणों ने डॉक्टर के खिलाफ गंभीर शिकायत भी की। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बोतल चढ़ाने के एवज में डॉक्टर पैसे लेते हैं। दुर्व्यवहार करने की शिकायत भी ग्रामीणों ने की। कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लिया। उन्होंने आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

आंगनवाड़ी में बच्चों की कम उपस्थिति
कलेक्टर कन्जावानी के चौपड़ा फलिया स्थित आंगनवाड़ी केंद्र भी पहुंचे। यहां बच्चों की संख्या काफी कम मिली। बच्चों का नियमित वजन भी नहीं किया जा रहा था। इस पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित सुपरवाइजर को तत्काल नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। बच्चों की उपस्थिति और स्वास्थ्य संबंधी रिकॉर्ड नियमित रखने को कहा।

300 आवास पूरे, 99 अभी बाकी
कलेक्टर ने ग्राम पंचायत कार्यालय में विकास कार्यों की समीक्षा की। अधिकारियों ने प्रधानमंत्री आवास योजना की जानकारी दी। बताया गया कि योजना के तहत 300 आवास पूरे हो चुके हैं। अभी 99 आवास का काम बाकी है। कलेक्टर ने लंबित आवासों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने ई-केवाईसी की प्रक्रिया भी जल्द पूरी करने को कहा।

5 साल से अटकी नल-जल योजना
समीक्षा के दौरान गांव की नल-जल योजना का मुद्दा भी सामने आया। बताया गया कि योजना करीब पांच साल से अटकी हुई है। योजना में जलस्रोत विफल हो चुका है। कलेक्टर ने इसके विकल्प की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने गांव में पेयजल आपूर्ति स्थायी और सुचारू बनाने को कहा।

स्कूल में शिक्षकों की कमी का मुद्दा उठा
ग्रामीणों ने हायर सेकेंडरी स्कूल में शिक्षकों की कमी की समस्या बताई। प्राचार्य के स्थानांतरण की मांग भी रखी गई। ग्रामीणों ने पशु चिकित्सालय की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग भी की। कलेक्टर ने संबंधित विभागों को कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने लोगों की समस्याओं का जल्द निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।

गैस एजेंसी के गोदाम में सुरक्षा व्यवस्था जांची
निरीक्षण के अंतिम चरण में कलेक्टर कन्जावानी खास स्थित सोलंकी गैस एजेंसी पहुंचे। उन्होंने गैस गोदाम की सुरक्षा व्यवस्था देखी। सुरक्षा मानकों की जांच के लिए मौके पर ही अग्निशामक यंत्र चलवाया गया। कलेक्टर ने गोदाम में सुरक्षा व्यवस्था की स्थिति परखी। निरीक्षण के दौरान सहायक कलेक्टर सुश्री आयुषी बंसल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Share