| | |

इंदौर में कैंसर पीड़ित बुजुर्ग के घर चोरी का खुलासा: देखभाल के लिए रखा केयरटेकर ही निकला चोर; नशे की लत के लिए चुराए जेवर

इंदौर। सदर बाजार थाना पुलिस ने कैंसर से पीड़ित बुजुर्ग के घर हुई चोरी का खुलासा किया है। पुलिस ने घर पर केयरटेकर का काम करने वाले दीपेश को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने परिवार के भरोसे का फायदा उठाकर घर से कीमती जेवर चोरी किए थे।

परिवार ने भरोसा करके रखी थी जिम्मेदारी, बुजुर्ग की देखभाल के लिए दीपेश को केयरटेकर के तौर पर रखा गया था। घर में आने-जाने के दौरान उसे परिवार का भरोसा मिला। इसी भरोसे का फायदा उठाकर उसने कथित तौर पर घर से जेवर चोरी कर लिए।

चोरी की शिकायत मिलने के बाद सदर बाजार पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस ने घर में आने-जाने वाले लोगों और कर्मचारियों के बारे में जानकारी जुटाई। जांच के दौरान शक के आधार पर दीपेश से पूछताछ की गई।

पूछताछ में चोरी करना स्वीकार किया
पूछताछ में दीपेश ने चोरी करना स्वीकार कर लिया। उसने पुलिस को बताया कि नशे की लत पूरी करने के लिए उसने जेवर चोरी किए थे। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए जेवर बरामद कर लिए हैं। अब उससे यह भी पता किया जा रहा है कि उसने इससे पहले किसी और घर में चोरी तो नहीं की है।

पुलिस ने वेरिफिकेशन कराने की अपील की
पुलिस ने लोगों से घरेलू कर्मचारियों और केयरटेकर का पुलिस वेरिफिकेशन कराने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि घर में काम करने वाले लोगों की पूरी जानकारी रखना जरूरी है। इससे किसी भी घटना की स्थिति में पुलिस को जांच में मदद मिलती है। पुलिस आरोपी से आगे भी पूछताछ कर रही है। उसकी पुरानी चोरी की वारदातों से जुड़े रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं।

 

Share