इंदौर: नवरात्रि पर गरबा पांडालों में आईडी चेक अनिवार्य करने की अपील, अश्लीलता और मांस दुकानों पर निगरानी की मांग

इंदौर, 17 सितम्बर 2025
रिपोर्टर – हार्दिक प्रजापत

इंदौर में नवरात्रि महोत्सव की शुरुआत से पहले भाजपा विधायक गोलू शुक्ला ने सुरक्षा और धार्मिक आस्था को ध्यान में रखते हुए आयोजकों और शहरवासियों से महत्वपूर्ण अपील की है।

विधायक ने कहा कि गरबा पांडालों में प्रवेश केवल पहचान पत्र (विशेष रूप से आधार कार्ड) की जांच के बाद ही दिया जाए। उनका कहना है कि इससे सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी और बेटियां सुरक्षित माहौल में गरबा कर पाएंगी।

गोलू शुक्ला ने गरबा आयोजनों में संभावित अश्लीलता को लेकर भी चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि इंदौर में गरबे के नाम पर अश्लीलता कतई बर्दाश्त नहीं होगी। इसके लिए एक विशेष निगरानी टीम बनाई जाएगी, जो पांडालों और आयोजनों पर नजर रखेगी।

साथ ही, उन्होंने नवरात्रि के दौरान धार्मिक आस्था का सम्मान करते हुए मांस और शराब की बिक्री पर रोक लगाने की भी मांग की। विधायक ने कहा कि नगर निगम को विशेषकर प्रमुख मंदिरों के आसपास शराब और मांस विक्रय पर पूरी तरह से प्रतिबंध सुनिश्चित करना चाहिए। वहीं मांस की दुकानें पर्दे में रखी जाएं और अधिकारियों द्वारा लगातार निरीक्षण किया जाए।

विधायक शुक्ला ने कहा कि नवरात्रि केवल धार्मिक पर्व नहीं बल्कि संस्कृति और परंपरा का प्रतीक है। इसलिए नौ दिनों तक ऐसी किसी भी गतिविधि को रोकना आवश्यक है जो समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचाए।

इस अपील को लेकर शहर में चर्चाएं तेज हो गई हैं। कई लोग इसे सुरक्षा और परंपराओं की रक्षा के लिए जरूरी मान रहे हैं, वहीं कुछ इसे कठोर कदम बताते हुए सवाल उठा रहे हैं। पुलिस और नगर निगम का कहना है कि त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था और धार्मिक आस्था दोनों का सम्मान किया जाएगा।

गोलू शुक्ला, विधायक, बीजेपी, इंदौर
“गरबा पांडालों में आईडी चेक और सख्त निगरानी से सुरक्षा और संस्कृति दोनों की रक्षा होगी।”

Share

Similar Posts