इंदौर में अग्रसेन महाराज को बांधी राखी: 15 साल से निभा रहे परंपरा; झांकी के स्वरूप में किया तैयार

इंदौर। अग्रसेन चौराहे पर रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर श्री अग्रसेन क्लब द्वारा विशेष आयोजन किया गया। क्लब की महिलाओं ने महाराजाधिराज श्री अग्रसेन महाराज को आकर्षक राखी बांधकर रक्षाबंधन पर्व मनाया।
इस वर्ष महिलाओं ने श्रीनाथजी की झांकी के स्वरूप में विशेष राखी तैयार की, जिसे अलौकिक श्रृंगार से सजाया गया। संस्था की महिलाओं ने मिलकर इस राखी को तैयार किया।
संस्थापिका ने शुरू की थी परंपरा
कार्यक्रम संयोजक आशीष मित्तल ने बताया कि 15 साल पहले संस्थापिका राधा देवी मित्तल के मन में यह विचार आया कि त्योहार के दिन अग्रसेन महाराज के हाथ सूने क्यों रहें। इसके बाद महिलाओं ने एकत्रित होकर उन्हें राखी बांधने की परंपरा शुरू की, जो लगातार जारी है। हर वर्ष राखी को लेकर कोई विशेष संकल्प या थीम रखी जाती है। इस बार श्रीनाथजी की झांकी को थीम बनाया गया। आयोजन में क्लब की महिलाएं बड़ी संख्या में मौजूद रहीं।