|

देवास जिला जेल में मनाया रक्षाबंधन: भाई- बहन हुए भावुक; खुली मुलाकात में बहनों ने बंदी भाइयों को बांधी राखी 

देवास। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर देवास जिला जेल में भाई-बहन के प्रेम का भावुक नजारा देखने को मिला। जेल प्रशासन ने पर्व के लिए विशेष खुली मुलाकात की व्यवस्था की थी। सुबह से ही जेल के गेट के बाहर बहनों की लंबी कतार लग गई। बारी आने पर बहनों को जेल के अंदर जाने दिया गया। उन्होंने अपने बंदी भाइयों की कलाई पर राखी बांधी। माथे पर तिलक लगाया। मिठाई खिलाकर उनकी लंबी उम्र की कामना की।

जेल कैंटीन में ही की गई पूजन सामग्री की व्यवस्था
जेल प्रशासन ने बहनों की सुविधा का भी विशेष ध्यान रखा। जेल अधीक्षक ने बताया कि कैंटीन से ही मिठाई, कुमकुम, चावल, दीपक और थाली की व्यवस्था की गई थी। इससे बहनों को बाहर से सामान लाने की जरूरत नहीं पड़ी। जेल प्रशासन की ओर से मुलाकात के दौरान जरूरी व्यवस्थाएं भी की गईं।

राखी बंधवाते समय छलक पड़े आंसू
भाई-बहनों की मुलाकात के दौरान कई भावुक पल देखने को मिले। बहनों ने जब भाइयों की कलाई पर राखी बांधी तो कई बंदियों की आंखों में आंसू आ गए। बहनों ने रुमाल से भाइयों के आंसू पोंछे। साथ ही उनसे वचन लिया कि अगली राखी घर पर ही मनाएंगे। ऐसा कोई काम नहीं करेंगे, जिससे दोबारा जेल आना पड़े।

जेल अधीक्षक बोले- जल्द परिवार में लौटें
जेल अधीक्षक ने कहा कि भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का यह पर्व जेल में भी पूरे उल्लास और सहानुभूति के साथ मनाया गया। उन्होंने कहा कि जेल प्रशासन की कोशिश है कि बंदी अपने किए पर विचार करें और सुधार की राह पर आगे बढ़ें। हम चाहते हैं कि सभी बंदी जल्द अपने परिवार के बीच लौटें।

Share