| |

झाबुआ में खेत की फसल खराब कर मोटर ले गए बदमाश: सुल्तानपुरा में लगातार दूसरी मोटर चोरी; कई किसान परेशान

झाबुआ। सुल्तानपुरा में बदमाशों ने एक किसान के खेत में खड़ी मक्का और कपास की फसल को नुकसान पहुंचाया। इसके बाद खेत के पास तालाब से 5 हार्सपावर की पानी की मोटर चोरी कर ले गए। पीड़ित किसान मनीष पिता रघुनाथ सोलंकी ने बताया कि बदमाशों ने खेत में खड़ी फसल को तोड़कर फेंक दिया। इससे फसल को काफी नुकसान हुआ है। पीड़ित का कहना है कि चोरों ने गांव का माहौल खराब करने का प्रयास किया है।

मोटर चोरी होने से परिवार के सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है। घटना के बाद पीड़ित ने करवड़ पुलिस चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई। साथ ही आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

कुछ दिन पहले भी हुई थी मोटर चोरी
ग्रामीणों के अनुसार कुछ दिन पहले भी इसी तरह की घटना सामने आई थी। भाजपा मंडल सारंगी के पूर्व महामंत्री भंवर सिंह गहलोत के खेत से भी मोटर चोरी हुई थी। इस मामले में भी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई थी। लगातार मोटर चोरी की घटनाओं से किसानों की चिंता बढ़ गई है।

आरोपियों की तलाश में पुलिस
पुलिस दोनों मामलों में जांच कर रही है। अज्ञात आरोपियों की तलाश की जा रही है। क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को लेकर किसानों में रोष है। किसानों ने पुलिस से आरोपियों को जल्द पकड़ने और चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की है।

Share