इंदौर में बना झूलेलाल चालिया उत्सव: आरती कर की सुख-समृद्धि की प्रार्थना; कई श्रद्धालु हुए शामिल

इंदौर। भगवान झूलेलाल के चालिया उत्सव के अवसर पर सिंधूनगर रहवासी संघ ने लगातार दूसरे वर्ष भव्य बहराणा साहिब यात्रा का आयोजन किया। यात्रा में समाज के संतजन, ब्राह्मण, वरिष्ठ नागरिक, महिलाएं, युवा और बच्चे बड़ी संख्या में शामिल हुए।

मोहनधाम मंदिर से शुरू हुई यात्रा
बहराणा साहिब यात्रा की शुरुआत श्री मोहनधाम मंदिर से हुई। यात्रा सिंधूनगर के विभिन्न मार्गों से होती हुई माता मंदिर पहुंची। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में उत्साह नजर आया। समाजजन श्रद्धा के साथ यात्रा में शामिल हुए।
भगवान झूलेलाल की आरती कर की प्रार्थना
माता मंदिर परिसर में यात्रा का समापन हुआ। यहां भगवान झूलेलाल जी की विधिवत आरती की गई। समाज की सुख-समृद्धि और विश्व कल्याण की कामना की गई। अच्छी बारिश के लिए भी प्रार्थना की गई। कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। पूरे आयोजन में श्रद्धा, एकता और सामाजिक परंपरा का माहौल रहा।

संस्कृति और परंपरा को आगे बढ़ाने का संकल्प
सिंधूनगर रहवासी संघ के अध्यक्ष निलेश बजाज, सचिव अनिल प्रेमचंदानी और अन्य पदाधिकारियों ने आयोजन में सहयोग करने वाले समाजजनों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि समाज की संस्कृति और परंपराओं को आगे बढ़ाने के लिए ऐसे आयोजन भविष्य में भी जारी रहेंगे।