अलीराजपुर में 25 अगस्त को किसान आंदोलन: उपाध्यक्ष बोले- यह भविष्य को बचाने की लड़ाई; कलेक्टर को बताएंगे मांगे

आलीराजपुर। जल, जंगल और जमीन के हक-अधिकार तथा प्रस्तावित जमीन अधिग्रहण सहित किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर 25 अगस्त को आलीराजपुर में आंदोलन किया जाएगा।
मध्यप्रदेश आदिवासी विकास परिषद के उपाध्यक्ष महेश पटेल ने आलीराजपुर एवं जोबट विधानसभा क्षेत्र के किसान भाइयों-बहनों और ग्रामीणजनों से आंदोलन में शामिल होने की अपील की है।
महेश पटेल ने कहा कि यह किसी राजनीतिक दल की लड़ाई नहीं, बल्कि अपने हक-अधिकार, जमीन और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को बचाने की लड़ाई है।
कलेक्टर कार्यालय जाकर बताएंगे मांगे
महेश पटेल ने बताया कि 25 अगस्त को सुबह 11 बजे टांटिया मामा चौराहे से किसान एवं ग्रामीण एकजुट होकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचेंगे। यहां जमीन अधिग्रहण सहित किसानों और ग्रामीणों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर प्रशासन के समक्ष अपनी मांगें रखी जाएंगी।
बुजुर्गों से मिली जमीन हमारी पहचान
उन्होंने कहा कि जमीन अधिग्रहण से प्रभावित गांव सहित अन्य गांवों के ग्रामीणों की आवाज को मजबूती से प्रशासन के सामने रखा जाएगा। इसके साथ ही खाद की किल्लत और टोकन व्यवस्था से परेशान किसानों की समस्याएं भी आंदोलन के माध्यम से उठाई जाएंगी। बाबा देव, गाता, खेत-खलिहान और बुजुर्गों से मिली जमीन हमारी पहचान और धरोहर है, जिसे बचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
शांतिपूर्ण होगा आंदोलन
उन्होंने कहा कि जोबट, मोटा उमर, सेवड़ छोटी जुवारी, बड़ी जुवारी,उबगारी, सेमलाया सहित जिले के कई गांवों में जल, जंगल और जमीन के मुद्दे को लेकर ग्रामीण एकजुट हो रहे हैं। उन्होंने सभी किसान, आदिवासी समाज और ग्रामीणजनों से शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन में शामिल होने की अपील की।