श्रेष्ठा जोशी नई इंदौर भाजपा महिला मोर्चा नगर अध्यक्ष: बोली- संगठन मेहनत पहचानता है; हर कार्यकर्ता महत्वपूर्ण

इंदौर। भारतीय जनता पार्टी ने श्रेष्ठा जोशी को इंदौर भाजपा महिला मोर्चा नगर अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। श्रेष्ठा जोशी छात्र जीवन से ही राजनीति में सक्रिय रही हैं।
भाजपा संगठन में विभिन्न पदों पर रहते हुए लगातार काम करती रही हैं।नई जिम्मेदारी मिलने के बाद श्रेष्ठा जोशी भाजपा कार्यालय पहुंचीं, जहां कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया।
पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने कहा कि संगठन में कार्यकर्ताओं की मेहनत और सक्रियता को लगातार देखा जाता है। पार्टी ने उन्हें महिला मोर्चा नगर अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी है।
बोलीं- संगठन में कई अदृश्य कैमरे होते हैं
पत्रकारों से चर्चा करते हुए श्रेष्ठा जोशी ने कहा कि पार्टी संगठन में कई अदृश्य कैमरे होते हैं, जो कार्यकर्ताओं की मेहनत और उनकी सक्रियता पर नजर रखते हैं। उन्होंने कहा कि वह लगातार संगठन के लिए सक्रिय रहीं और पार्टी के काम को पूरी जिम्मेदारी के साथ किया।
संगठन कार्यकर्ताओं की मेहनत को पहचानता है
श्रेष्ठा ने कहा कि संगठन कार्यकर्ताओं की मेहनत को पहचानता है और समय आने पर उन्हें जिम्मेदारी भी देता है। उन्हें मिली नई जिम्मेदारी भी उनकी निरंतर सक्रियता और संगठन के प्रति समर्पण का परिणाम है।
महिलाओं से लगातार संवाद करेगी महिला मोर्चा
श्रेष्ठा जोशी ने कहा कि महिला मोर्चा से जुड़ी महिलाओं के साथ लगातार संवाद किया जाएगा। जो महिलाएं संगठन के साथ जुड़ना चाहती हैं, उनकी रुचि और क्षमता को समझते हुए उन्हें संगठन में जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
महिला मोर्चा की हर कार्यकर्ता महत्वपूर्ण
उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा की हर कार्यकर्ता महत्वपूर्ण है। संगठन की पहुंच अंतिम पंक्ति में बैठी महिला कार्यकर्ता तक होनी चाहिए। महिला मोर्चा इसी सोच के साथ काम करेगा और अधिक से अधिक महिलाओं को संगठन से जोड़ने का प्रयास करेगा।
महिलाओं को आगे बढ़ाने पर रहेगा जोर
श्रेष्ठा जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को आगे बढ़ाने और उन्हें समान अवसर देने पर लगातार जोर दिया जा रहा है। महिला मोर्चा भी इसी दिशा में काम करेगा।
महिलाओं को संगठन से जोड़ने पर होगा फोकस
उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का पूरा लाभ महिलाओं तक पहुंचे। संगठन में उनकी सक्रिय भागीदारी बढ़े इसके लिए महिला मोर्चा लगातार प्रयास करेगा। नई जिम्मेदारी के साथ उनका फोकस महिलाओं को संगठन से जोड़ने और उन्हें सरकार की योजनाओं की जानकारी पहुंचाने पर रहेगा।