खलघाट से धरमपुरी तक निकली भव्य कावड़ यात्रा: तिरंगा-भगवा ध्वज लेकर निकले श्रद्धालु; गूंजे हर-हर महादेव के जयकारे

धरमपुरी। सावन माह के अवसर पर धर्म जागरण विभाग की ओर से भव्य कावड़ यात्रा निकाली गई। यात्रा खलघाट से शुरू होकर धरमपुरी पहुंची। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। कावड़ यात्रियों ने खलघाट में पूजा-अर्चना की। इसके बाद नर्मदा जल लेकर धरमपुरी के लिए रवाना हुए।
यात्रियों के हाथों में तिरंगा और भगवा ध्वज नजर आया। पूरे मार्ग में हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष गूंजते रहे। यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह नजर आया।
जगह-जगह हुआ स्वागत
कावड़ यात्रा का जगह-जगह नगरवासियों ने स्वागत किया। लोगों ने कावड़ यात्रियों के लिए पेयजल और अन्य व्यवस्थाएं कीं। यात्रा में युवा, महिलाएं और बुजुर्ग भी बड़ी संख्या में शामिल हुए। सभी भोलेनाथ के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे।
शिव मंदिरों में किया जलाभिषेक
कावड़ यात्रा धरमपुरी पहुंचने के बाद श्रद्धालुओं ने विभिन्न शिव मंदिरों में भगवान भोलेनाथ का नर्मदा जल से जलाभिषेक किया। श्रद्धालुओं ने क्षेत्र की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। पूरे आयोजन के दौरान धार्मिक उत्साह का माहौल रहा।