| | |

धार में राजीव गांधी की जयंती पर पंचायती राज को याद किया: कई कार्यकर्ता हुए शामिल; संगठन मजबूत का लिया संकल्प

धार। जिला कांग्रेस कार्यालय में शहर कांग्रेस कमेटी ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती मनाई। कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें याद किया।कार्यक्रम जिला कांग्रेस अध्यक्ष स्वतंत्र जोशी के मार्गदर्शन में हुआ। शहर कांग्रेस अध्यक्ष राजेश सिंह पटेल ने राजीव गांधी के जीवन और देश के विकास में उनके योगदान को याद किया।

देश को आधुनिक बनाने पर दिया जोर
राजेश सिंह पटेल ने कहा कि राजीव गांधी ने देश को आधुनिक बनाने और नई तकनीक से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कंप्यूटर और टेलीकॉम के क्षेत्र में बदलाव की शुरुआत की। आज के डिजिटल दौर की मजबूत नींव रखने में उनका बड़ा योगदान रहा।

उन्होंने कहा कि राजीव गांधी ने युवाओं को राजनीति से जोड़ने के लिए मतदान की उम्र 21 से घटाकर 18 साल करने की पहल की। पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत करने पर भी उन्होंने जोर दिया।

कार्यकर्ताओं ने लिया संकल्प
कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी के विचारों को अपनाने, संगठन को मजबूत करने और जनहित के मुद्दों के लिए काम करने का संकल्प लिया।

इस दौरान धर्मेंद्र राठौर, पंकज लोधा, अंतिम राठौड़, शकील खान, प्रकाश नायक सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Share