| |

इंदौर एयरपोर्ट पर यात्री अराइवल हॉल में गिरा: लो शुगर से हुआ था बेहोश; एयर इंडिया की फ्लाइट से आया था

इंदौर। देवी अहिल्या बाई होल्कर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर बुधवार रात मुंबई से आए एक यात्री की अचानक तबीयत बिगड़ गई। अराइवल हॉल में यात्री अनिल कुमार चक्कर खाकर जमीन पर गिर पड़े। बताया गया कि ब्लड शुगर लेवल काफी कम होने के कारण वे बेहोश हो गए थे।

अनिल कुमार रात करीब 9 बजे एयर इंडिया की फ्लाइट एआई-2749 से मुंबई से इंदौर पहुंचे थे। लैंडिंग के बाद अराइवल हॉल में अचानक उन्हें चक्कर आया और वे बेहोश होकर गिर गए।

एयरपोर्ट स्टाफ ने मेडिकल टीम को सूचना दी
घटना के तुरंत बाद एयरपोर्ट स्टाफ ने मेडिकल टीम को सूचना दी। मेडिकल इमरजेंसी टीम ने मौके पर पहुंचकर उन्हें एयरपोर्ट के मेडिकल रूम में प्राथमिक उपचार दिया। इलाज के बाद उनकी हालत में सुधार हुआ और उन्हें होश आ गया।

एंबुलेंस से भाटिया अस्पताल भेजा
एहतियात के तौर पर उन्हें आगे की जांच के लिए 108 एंबुलेंस की मदद से भाटिया अस्पताल भेजा गया। फिलहाल उनकी हालत स्थिर और खतरे से बाहर बताई जा रही है।

Share