| |

रीवा में 24 घंटे से लगातार बारिश: सड़कें जलमग्न; घर और दुकानों में भी भरा पानी

रीवा। गुरुवार को पूरे शहर में पानी भर गया। 24 घंटों से बारिश हो रही है। निराला नगर हॉस्टल, नीम चौराहा, बोदाबाग, समान बांध मोहल्ला, लाखोरीबाग, उपरहटी, तरहटी, श्रीराम दरबार मंदिर के सामने, संजय नगर, वार्ड क्रमांक 15, वार्ड क्रमांक 9 के इंजीनियरिंग कॉलेज के पीछे विभीषण नगर, पांडे किराना स्टोर के पास और अरुण नगर अनंतपुर समेत शहर के कई इलाकों में जलभराव हो गया।

कई जगह सड़कें तालाब बन गईं। जबकि निचले इलाकों में बारिश का पानी घरों और दुकानों के अंदर तक पहुंच गया। पिछले दो महीने से बारिश के दौरान जल निकासी व्यवस्था सुचारु रखने के नगर निगम के दावों की बारिश ने पोल खोल दी।

सड़कों पर पानी भरा 
उपरहटी और तरहटी क्षेत्र में सड़कों पर पानी भरने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। संजय नगर और वार्ड क्रमांक 15 में भी जलभराव के कारण आवागमन प्रभावित हुआ। वहीं नगर निगम जोन-2 के वार्ड क्रमांक 9 में इंजीनियरिंग कॉलेज के पीछे विभीषण नगर और पांडे किराना स्टोर के पास सड़क का नजारा तालाब जैसा हो गया। यहां सड़क पर काफी देर तक पानी जमा रहा।

नाली नहीं होने से 2 से 3 फीट तक भरा पानी 
अरुण नगर अनंतपुर में हालात और खराब है। शिल्पी उपवन कॉलोनी के दक्षिणी हिस्से में नाली नहीं होने के कारण सड़क पर करीब 2 से 3 फीट तक पानी भर गया। बारिश का पानी कई घरों के अंदर तक पहुंच गया। रहवासियों को रातभर घरों से पानी निकालना पड़ा। लोगों ने घरों में रखा सामान सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। स्थानीय लोगों का कहना है कि नाली निर्माण के लिए नगर निगम को कई बार आवेदन दिए जा चुके हैं, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हुआ।

समय से टैक्स देने के बाद भी हो रही समस्या 
रहवासियों के मुताबिक वे नियमित रूप से संपत्ति कर, जलकर और सफाई कर का भुगतान करते हैं, इसके बावजूद हर बारिश में जलभराव की समस्या झेलनी पड़ रही है। लोगों ने महापौर अजय मिश्रा बाबा, नगर निगम अध्यक्ष वेंकटेश पांडेय और निगम आयुक्त से क्षेत्र में नाली निर्माण कराकर जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।

समय से हो नालियों की सफाई 
बोदाबाग निवासी राकेश पटेल ने बताया बारिश शुरू होते ही सड़क पर पानी भर जाता है। नालियों की सफाई और जल निकासी की व्यवस्था समय पर हो जाए तो लोगों को इतनी परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी। गुरुवार को सड़क पर काफी देर तक पानी जमा रहा।

हर साल बारिश में भर जाता है पानी 
लाखोरीबाग निवासी संजय तिवारी ने कहा कि हर साल बारिश में यही स्थिति बनती है। बारिश से पहले जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने की बात कही जाती है, लेकिन तेज बारिश होते ही सड़कें जलमग्न हो जाती हैं। कई जगह लोगों को पानी के बीच से निकलना पड़ा।

कई बार नाली निर्माण की मांग की
अरुण नगर निवासी विनोद साकेत ने बताया कि हमारे इलाके में नाली नहीं होने से बारिश का पानी घरों के अंदर तक पहुंच गया। रातभर परिवार के लोग पानी निकालते रहे। कई बार नाली निर्माण की मांग की गई, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ।

जल निकासी की व्यवस्था की जा रही
नगर निगम आयुक्त अक्षत जैन ने कहा कि बारिश के कारण जहां भी जलभराव की स्थिति बनी है, वहां जल निकासी की व्यवस्था की जा रही है। निगम की टीमें प्रभावित इलाकों में भेजी गई हैं और पानी निकालने का काम जारी है। निचले इलाकों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

चौराहों पर भरा पानी 
बैकुंठपुर में भी लगातार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त रहा। नगर के शक्ति चौराहा, केपी तिराहा, झंडा चौक और हनुमान तिराहा सहित कई इलाकों में पानी भर गया। हरिजन बस्ती और आदिवासी बस्ती में भी जलभराव की स्थिति बनी रही। बाजार और चौराहों के आसपास दुकानों और परिसरों में पानी घुस गया। कई दुकानदार सामान बचाने में जुटे रहे, जबकि कुछ परिवारों को घरों से पानी निकालने के लिए रातभर मशक्कत करनी पड़ी।

Share