|

आईपीएससी वालीबॉल में मोतीलाल नेहरू स्कूल का दबदबा: अंडर-17 और अंडर-19 में लगातार जीत, एमराल्ड हाइट्स ने भी दर्ज की जीत

इंदौर। द एमराल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल, इंदौर में आयोजित ऑल इंडिया आईपीएससी वालीबॉल टूर्नामेंट में मोतीलाल नेहरू स्कूल ऑफ स्पोर्ट्स, राय, हरियाणा और मेजबान एमराल्ड हाइट्स ने लीग मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी स्थिति मजबूत की।

अंडर-14 में एमराल्ड हाइट्स और मोतीलाल ने जीते मुकाबले
बालिका 14 वर्ष आयु वर्ग में द एमराल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल, इंदौर ने विद्या देवी जिंदल स्कूल, हिसार को 2-0 से हराया। एमराल्ड हाइट्स की ओर से ख्याति चतुर्वेदी, मत्रीका जैन, तिष्ठा पटेल, जन्नत खुशलानी और निरवी ने शानदार प्रदर्शन किया।

एक अन्य मुकाबले में मोतीलाल नेहरू स्कूल ऑफ स्पोर्ट्स, राय, हरियाणा ने असम वैली स्कूल, असम को 2-1 से पराजित किया। विजेता टीम की ओर से परी, दीया और निहाल ने प्रभावी खेल दिखाया।

अंडर-17 में मोतीलाल ने दर्ज की आसान जीत
बालिका 17 आयु वर्ग में मोतीलाल नेहरू स्कूल ऑफ स्पोर्ट्स, राय, हरियाणा ने विद्या देवी जिंदल स्कूल, हिसार को 2-0 से शिकस्त दी। विजेता टीम की ओर से अपूर्वा, मेघा और शगुन ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए टीम की जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

अंडर-19 में भी मोतीलाल और एमराल्ड की जीत
बालिका 19 आयु वर्ग में मोतीलाल नेहरू स्कूल ऑफ स्पोर्ट्स, राय, हरियाणा ने सिंधिया कन्या विद्यालय, ग्वालियर को 2-0 से हराया। टीम की ओर से हिमांशी, साक्षी, गैलेक्सी और तन्वी ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया।

एक अन्य मुकाबले में विद्या देवी जिंदल स्कूल, हिसार ने असम वैली स्कूल, असम को 2-0 से पराजित किया। विद्या देवी जिंदल स्कूल की ओर से अक्षीता ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

मोतीलाल नेहरू स्कूल ऑफ स्पोर्ट्स, राय ने महारानी गायत्री देवी गर्ल्स स्कूल, जयपुर को 2-0 से हराकर एक और जीत दर्ज की। विजेता टीम की ओर से गैलेक्सी, रूचिता और सोनालिका ने शानदार प्रदर्शन किया।

वहीं द एमराल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल ने विद्या देवी जिंदल स्कूल, हिसार को 2-0 से पराजित किया। एमराल्ड हाइट्स की ओर से अनम अली और तिविशा ने प्रभावी खेल दिखाया। एक अन्य मुकाबले में सिंधिया कन्या विद्यालय, ग्वालियर ने मान स्कूल, दिल्ली को 2-0 से

शतरंज स्पर्धा में भी हुए रोमांचक मुकाबले
एमराल्ड में ही खेली जा रही ऑल इंडिया आईपीएससी अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 बालिका शतरंज स्पर्धा के तीसरे राउंड में रोमांचक मुकाबले हुए। स्पर्धा में देशभर के प्रतिष्ठित विद्यालयों की टीमें हिस्सा ले रही हैं।

अंडर-14 टीम शतरंज स्पर्धा के तीसरे राउंड में मॉडर्न स्कूल, बाराखंबा रोड ने वेलहम गर्ल्स स्कूल, देहरादून को 3-1 से पराजित किया। मॉडर्न स्कूल की प्रिया जैन, अद्या गुप्ता और धानी अग्रवाल ने जीत दर्ज की, जबकि वेलहम की ओर से सान्वी मारू ने एकमात्र जीत हासिल की।

द हैदराबाद पब्लिक स्कूल, बेगमपेट ने राजमाता कृष्णा कुमारी गर्ल्स पब्लिक स्कूल को 3-1 से पराजित किया। एक अन्य मुकाबले में दिल्ली पब्लिक स्कूल, मथुरा रोड ने मेजबान द एमराल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल, इंदौर को 3-1 से मात दी। दिल्ली की प्रांशी चड्ढा, इनाया सिक्का और शानाया चौधरी विजयी रहीं, जबकि मेजबान टीम की हर्षिता अग्रवाल ने एकमात्र जीत दर्ज की। महारानी गायत्री देवी गर्ल्स स्कूल, जयपुर ने राजकुमार कॉलेज, रायपुर को 3-1 से मात दी।

अंडर-17 में डीपीएस आरके पुरम विजयी
अंडर-17 वर्ग में द हैदराबाद पब्लिक स्कूल, बेगमपेट ने वेलहम गर्ल्स स्कूल, देहरादून को 3-1 से, दिल्ली पब्लिक स्कूल, आरके पुरम ने राजकुमार कॉलेज, रायपुर को 3-1 से, ताशी नामग्याल एकेडमी ने सिंधिया कन्या विद्यालय, ग्वालियर को 3-1 से तथा मेजबान द एमराल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल, इंदौर ने राजमाता कृष्णा कुमारी गर्ल्स पब्लिक स्कूल को 3-1 से पराजित किया।

मॉडर्न स्कूल, बाराखंबा रोड और महारानी गायत्री देवी गर्ल्स स्कूल, जयपुर के बीच मुकाबला 2-2 से बराबरी पर समाप्त हुआ।

अंडर-19 में दो मुकाबले ड्रॉ
अंडर-19 वर्ग में मॉडर्न स्कूल, बाराखंबा रोड ने द एमराल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल, इंदौर को 2-1 से हराया। एक अन्य मुकाबले में सिंधिया कन्या विद्यालय, ग्वालियर ने राजमाता कृष्णा कुमारी गर्ल्स स्कूल को 2-1 से पराजित किया।

दिल्ली पब्लिक स्कूल, मथुरा रोड और दिल्ली पब्लिक स्कूल, आरके पुरम के बीच मुकाबला 2-2 से ड्रॉ रहा।

Share