नर्मदा में डूबे लखनऊ के 4 युवक: एक की मौत; वीडियो बनाते समय गहरे पानी में गए थे चारों

ओंकारेश्वर। तीर्थनगरी ओंकारेश्वर में मंगलवार को नर्मदा नदी के केवलराम घाट पर स्नान के दौरान लखनऊ से आए चार श्रद्धालु गहरे पानी में चले गए। मौके पर तैनात नाविकों, होमगार्ड और SDERF के जवानों ने तीन युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि एक युवक की जान नहीं बच सकी।
जानकारी के अनुसार लखनऊ निवासी संतोष (24), अनिकेत (23), कमल किशोर (23) और शुभ उर्फ प्रखर तिवारी (24) नर्मदा में स्नान कर रहे थे। स्थानीय लोगों के मुताबिक चारों युवक फोटो और वीडियो बनाने के दौरान निर्धारित सुरक्षित सीमा से आगे निकल गए और गहरे पानी में चले गए। घाट पर तैनात सुरक्षा जवानों ने उन्हें चेतावनी भी दी, लेकिन वे आगे बढ़ते रहे।
तीन को सुरक्षित निकाला, शुभ को CPR दिया
हादसे की जानकारी मिलते ही नाविक मुकेश वर्मा और शंकर वर्मा के साथ होमगार्ड-SDERF जवान नागेंद्र शर्मा व उदय सोलंकी नदी में उतर गए। टीम ने संतोष, अनिकेत और कमल किशोर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
वहीं, शुभ तिवारी गहरे पानी में डूब गया था। जवानों और नाविकों ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला। घाट पर ही उसे CPR दिया गया और गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

परिवार का इकलौता बेटा था शुभ
शुभ तिवारी अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। वह परिवार के खर्च की जिम्मेदारी संभालता था। बताया गया है कि शुभ के पिता हाल ही में कैंसर के ऑपरेशन से गुजरे हैं। परिवार में एक बहन भी है। हादसे की खबर के बाद परिवार में मातम छा गया।

प्रशासन ने श्रद्धालुओं से की अपील
होमगार्ड एवं SDERF जिला कमांडेंट आशीष कुशवाहा ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि नर्मदा में स्नान के दौरान केवल चिह्नित सुरक्षित स्थानों का ही इस्तेमाल करें। घाटों पर तैनात जवानों और प्रशासन द्वारा दिए जा रहे सुरक्षा निर्देशों का पालन करें और गहरे पानी में जाने से बचें।