52.50 लाख की ठगी का आरोप: नकली सोना बनाने का झांसा दिया; हाइड्रो-केमिकल से सोना बनाने की बात कही

इंदौर। नकली सोना तैयार करने का झांसा देकर दो लोगों से करीब 52 लाख 50 हजार रुपए की ठगी किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ितों का आरोप है कि आरोपियों ने हाइड्रो और अन्य केमिकल पाउडर मिलाकर सोना बनाने का तरीका बताकर उन्हें भरोसे में लिया और अलग-अलग किस्तों में लाखों रुपए ऐंठ लिए।
सोना बनाने का झांसा देकर लिए रुपए पीड़ितों के मुताबिक आरोपियों ने उन्हें बताया कि खास केमिकल और पाउडर की मदद से नकली धातु को सोने में बदला जा सकता है। इस दावे पर भरोसा कर उन्होंने आरोपियों को अलग-अलग समय पर रकम दी। कुल मिलाकर करीब 52.50 लाख रुपए लिए जाने का आरोप है।

WhatsApp चैट और लेन-देन के सबूत होने का दावा
पीड़ितों ने पुलिस को बताया कि उनके पास आरोपियों से हुई बातचीत की WhatsApp चैट, वीडियो और पैसों के लेन-देन से जुड़े दस्तावेज मौजूद हैं। इन्हीं सबूतों के आधार पर मामले की जांच की मांग की गई है।
9 लोगों से ठगी का दावा
पीड़ितों का कहना है कि जानकारी जुटाने पर सामने आया कि आरोपियों ने कथित तौर पर करीब 9 लोगों के साथ इसी तरह ठगी की है। पुलिस अब इन दावों और आरोपियों से जुड़े पुराने मामलों की भी जानकारी जुटा रही है।
पुराने आपराधिक मामलों की भी जांच
मामले में आरोपियों के खिलाफ पहले गोलीकांड समेत अन्य प्रकरण दर्ज होने की बात भी सामने आई है। हालांकि पुलिस इन पुराने मामलों की पुष्टि कर रही है। पुलिस का कहना है कि शिकायत की निष्पक्ष जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।