कोलंबिया में 7.4 तीव्रता का भूकंप: 132 की मौत, 570 घायल; 86 इमारतें ढहीं, 1,500 से ज्यादा घर को नुकसान

कोलंबिया। दक्षिण अमेरिकी देश कोलंबिया में सोमवार सुबह आए 7.4 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप ने भारी तबाही मचा दी। अब तक 132 लोगों की मौत और 570 लोगों के घायल होने की सूचना है।

भूकंप के झटकों से देशभर में 86 इमारतें ढह गईं, जबकि 1,500 से ज्यादा घरों को नुकसान पहुंचा है। 18 स्वास्थ्य केंद्र और 52 स्कूल भी प्रभावित हुए हैं।

USGS के कहा- भूकंप सोमवार सुबह करीब 7:34 बजे आया। इसका केंद्र चोको इलाके में सैन जोसे डेल पालमार के पास था। भूकंप की गहराई करीब 100 किलोमीटर से ज्यादा बताई गई है। राजधानी बोगोटा समेत कई शहरों में तेज झटके महसूस किए गए। डर के कारण बड़ी संख्या में लोग इमारतों से बाहर निकलकर सड़कों पर आ गए।

भूकंप के झटकों के कारण लोगों के अपार्टमेंट में फर्नीचर गिरने लगा।

एक नजर में तबाही

नुकसानआंकड़ा
मौतें132
घायल570
ढही इमारतें86
घरों को नुकसान1,500+
प्रभावित स्वास्थ्य केंद्र18
प्रभावित स्कूल52
प्रभावित एयरपोर्ट7

 

कोलंबिया के काली शहर में भूकंप के बाद एक कार पर मलबा गिरा।कोलंबिया के काली शहर में भूकंप के बाद एक कार पर मलबा गिरा।

परेरा में सबसे ज्यादा मौतें
भूकंप से परेरा शहर में सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है। यहां करीब 60 लोगों की मौत की सूचना है। यह शहर भूकंप के केंद्र से 64 किलोमीटर से भी कम दूरी पर स्थित है। चोको और रिसाराल्डा क्षेत्रों में भी बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ है।

कैली, क्विब्डो और मनिजालेस समेत कई शहरों में इमारतों को नुकसान पहुंचा। मनिजालेस की प्रसिद्ध कैथेड्रल बेसिलिका में भी दरारें आने की जानकारी है। कई जगहों पर मलबा सड़कों और वाहनों पर गिरा। अस्पतालों में भी मरीजों को एहतियात के तौर पर बाहर निकाला गया।

7 एयरपोर्ट पर संचालन रोका
भूकंप के बाद पश्चिमी कोलंबिया में हवाई सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं। सात एयरपोर्ट पर काम रोक दिया गया है। कई इलाकों में सड़कों और अन्य बुनियादी ढांचे को भी नुकसान पहुंचने से राहत टीमों के लिए प्रभावित क्षेत्रों तक पहुंचना चुनौती बन गया है।

कोलंबिया के कैली में भूकंप आने के बाद एक व्यक्ति अपार्टमेंट बिल्डिंग से बाहर निकलता हुआ।

राष्ट्रपति ने बुलाई आपात बैठक
स्थिति को देखते हुए राष्ट्रपति ने आपातकालीन समिति की बैठक बुलाकर राहत और बचाव अभियान की निगरानी शुरू कर दी है। प्रभावित इलाकों में मलबे के नीचे फंसे लोगों की तलाश की जा रही है। राजधानी बोगोटा से करीब 100 रेस्क्यूकर्मियों को प्रभावित क्षेत्रों में भेजने की तैयारी है।

बोगोटा के मेयर ने राहत सामग्री जुटाने के लिए छह कलेक्शन सेंटर बनाए हैं। यहां पानी, कंबल, पैक्ड भोजन, हाइजीन सामग्री और फर्स्ट-एड किट जमा की जा रही हैं।

आफ्टरशॉक का खतरा
मुख्य भूकंप के बाद कई आफ्टरशॉक भी महसूस किए गए हैं। ऐसे में प्रशासन ने लोगों से क्षतिग्रस्त इमारतों से दूर रहने और सतर्क रहने की अपील की है। राहत और बचाव अभियान के दौरान भी टीमों को कमजोर इमारतों के आसपास विशेष सावधानी बरतनी पड़ रही है।

क्यों भूकंप प्रभावित है कोलंबिया?
कोलंबिया की भौगोलिक स्थिति इसे भूकंप के लिहाज से संवेदनशील बनाती है। देश के आसपास कई टेक्टोनिक प्लेटों की गतिविधियां होती हैं। नाजका प्लेट और दक्षिण अमेरिकी प्लेट के बीच होने वाली हलचल समेत क्षेत्र की जटिल भूगर्भीय संरचना के कारण यहां भूकंपीय गतिविधियां लगातार बनी रहती हैं।

क्या 7.4 तीव्रता का भूकंप बड़ा होता है?
7.4 तीव्रता का भूकंप काफी शक्तिशाली माना जाता है और इससे बड़े क्षेत्र में तेज झटके महसूस हो सकते हैं। हालांकि किसी भूकंप से होने वाला नुकसान सिर्फ उसकी तीव्रता पर निर्भर नहीं करता। भूकंप की गहराई, केंद्र से दूरी, जमीन की प्रकृति और इमारतों की मजबूती भी नुकसान को प्रभावित करती है।

पिछली बड़ी घटनाए
कोलंबिया पहले भी विनाशकारी भूकंपों का सामना कर चुका है। 1983 के पॉपायान भूकंप में करीब 250 लोगों की मौत और 1,500 लोग घायल हुए थे। हजारों इमारतों को भी नुकसान पहुंचा था।

 

Share