| | |

गायिका नेहा राठौर का पलटवार: इथेनॉल किसके बाप के घर से लाया जा रहा है? जनार्दन मिश्रा के बयान पर पूछे सवाल

रीवा। लोक गायिका नेहा सिंह राठौर ने जनार्दन मिश्रा के पेट्रोल वाले बयान पर पलटवार किया है। गायिका ने एक वीडियो पोस्ट किया है। वीडियो में वो पेट्रोल मे एथॉनल मिलान पर सरकार से सवाल पूछ रही है।

नेहा सिंह राठौर ने उठाए सवाल
गायिका ने सोमवार शाम वीडियो पोस्ट किया। सांसद के बयान का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, “सांसद जी पूछ रहे हैं कि शुद्ध पेट्रोल क्या तुम्हारे बाप के घर से आएगा? ये सवाल मैं नहीं, भाजपा के सांसद जनार्दन मिश्रा पूछ रहे हैं। मेरा सवाल तो ये है कि इथेनॉल किसके बाप के घर से लाया जा रहा है? साल भर पहले तक शुद्ध पेट्रोल किसके बाप के घर से आता था? इथेनॉल की मिलावट किसके बाप के कहने पर की जा रही है? इथेनॉल की फैक्ट्री किसके लड़कों ने लगाई है? बोलिए!”

सांसद ने एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल पर की थी टिप्पणी
सोमवार को रीवा से कोलकाता और रीवा से भोपाल के लिए शुरू हुई। नई उड़ान सेवाओं के कार्यक्रम में सांसद जनार्दन मिश्रा ने एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल के विरोध पर टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि कई लोग बोल रहे हैं कि हमें एथेनॉल नहीं चाहिए, हमें तो शुद्ध पेट्रोल चाहिए। इस पर भड़कते हुए सांसद ने कहा- “शुद्ध पेट्रोल तुम्हारे बाप के घर से आएगा।”

मोदीजी कहते हैं कि एथेनॉल मिलाओ
सांसद ने कहा, “केवल 20 प्रतिशत तेल हमारे यहां होता है और बाकी 80 प्रतिशत बाहर से मंगवाया जाता है। जिसके लिए युद्ध के बाद अब 18 हजार किलोमीटर का चक्कर लगाना पड़ रहा है। लेकिन जब मोदीजी कहते हैं कि एथेनॉल मिलाओ 20 प्रतिशत, तो विरोध में लोगों का आंदोलन हो रहा है।”

ब्राजील का उदाहरण देकर एथेनॉल का समर्थन किया
जनार्दन मिश्रा ने कहा कि ब्राजील सबसे अधिक एथेनॉल बनाता है और वहां की 100 प्रतिशत गाड़ियां एथेनॉल से चल रही हैं। उन्होंने कहा कि वहां गाड़ियों में कोई समस्या नहीं है। ऑटोमोबाइल और कार शॉप चलाने वाले मैकेनिक कह रहे हैं कि एथेनॉल से गाड़ियों को कोई समस्या नहीं है। फिर भी इसका विरोध किया जा रहा है।

‘भारत प्रगति कर रहा, क्योंकि देश में अराजकता नहीं’
सांसद ने कहा कि आज देश प्रगति कर रहा है, क्योंकि देश में अराजकता नहीं है और देश में नरेंद्र मोदी के सुशासन की सरकार है। आज भारत सबसे अधिक विकासशील देश है। उन्होंने कहा कि दुनिया में सबसे अधिक रोजगार भारत में और सबसे कम महंगाई भारत में है।

देश आज विकास की ओर बढ़ रहा
उन्होंने यह भी कहा कि कुछ लोग चीन और पाकिस्तान के मंसूबों का विरोध नहीं कर रहे हैं। देश आज विकास की ओर आगे बढ़ रहा है और इसके पीछे केंद्र सरकार की नीतियां और नरेंद्र मोदी का सुशासन है।

Share