अलीराजपुर में धूमेश की मौत का कारण फांसी: दो अलग सूसाइड नोट मिले; हॉस्टल अधीक्षक पर कार्रवाई

अलीराजपुर। छात्र धूमेश इडल सिंह की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण हैंगिंग सामने आया है। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने छात्र का पार्थिव शरीर परिजनों को सौंप दिया। ग्राम डूंगरगांव में उसका अंतिम संस्कार किया गया।
दो अलग-अलग नोट मिले
घटना की जांच के दौरान छात्र द्वारा लिखे गए दो अलग-अलग नोट मिलने की जानकारी सामने आई है। एक नोट में दूसरे नोट का उल्लेख करते हुए उसे छात्रावास से निकाले जाने की बात लिखी गई थी। दूसरे नोट में छात्र द्वारा अपनी मौत का कारण बताए जाने की जानकारी सामने आई है।
जांच के बाद सामने आएगा सच
हालांकि, नोट में वास्तव में क्या लिखा है और उसमें बताए गए कारण क्या हैं, इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस दोनों नोटों को जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया में है। जांच रिपोर्ट के आधार पर छात्र ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, इसका खुलासा होने की उम्मीद है।
पीएम के बाद परिजनों को सौंपा शव
चांदपुर थाना प्रभारी दिलीप चंदेल ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद छात्र का शव परिजनों को सौंप दिया गया। गृह ग्राम डूंगर में अंतिम संस्कार किया गया है। पीएम रिपोर्ट में हैंगिंग से मृत्यु होना पाया गया है और मामले की जांच जारी है।
हॉस्टल अधीक्षक पर कार्रवाई के संकेत
घटना के बाद शिक्षा विभाग से जुड़े सूत्रों के अनुसार हॉस्टल अधीक्षक को हटाए जाने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, इस संबंध में प्रशासन की ओर से अभी कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं हुआ है। हॉस्टल प्रबंधन की भूमिका और घटना से जुड़ी परिस्थितियों की समीक्षा के बाद विभागीय स्तर पर निर्णय लिया जा सकता है।
₹25 हजार की सहायता राशि को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं
तहसीलदार सुनील डावर ने बताया कि छात्र की आकस्मिक मृत्यु की स्थिति में प्रशासन की ओर से तत्काल सहायता के रूप में ₹25 हजार दिए जाने का प्रावधान है। संबंधित परिवार को यह राशि दी गई है या नहीं, इसकी पुष्टि संबंधित स्तर से जानकारी लेने के बाद की जाएगी।
विधायक ने की निष्पक्ष जांच की मांग
घटना की जानकारी मिलने के बाद जोबट विधायक सेना महेश पटेल भी चांदपुर हॉस्टल पहुंची थीं। उन्होंने अधिकारियों और हॉस्टल प्रबंधन से जानकारी लेते हुए मामले की निष्पक्ष जांच तथा विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की बात कही थी।